इंडिया के स्थान पर भारत का उपयोग करेगा इंदौर नगर निगम, पत्राचार में होगा बदलाव

इंदौर ।  नगर निगम की कार्रवाई और पत्राचार में अब इंडिया के स्थान पर भारत का उपयोग किया जाएगा। यह निर्णय शुक्रवार को महापौर परिषद की बैठक में लिया गया। इस संबंध में प्रस्तुत प्रस्ताव को सदस्यों ने एक स्वर में मंजूरी दी।
परिषद की बैठक में महिला आरक्षण बिल को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को धन्यवाद देने के लिए धन्यवाद प्रस्ताव भी स्वीकृत किया गया। महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने कहा कि इस बिल से महिलाओं के नेतृत्व में विकास को अभूतपूर्व गति मिलेगी। बैठक में महापौर परिषद सदस्य राजेंद्र राठौर, निरंजन सिंह चौहान, अश्विनी शुक्ल, नंद किशोर पहाड़िया, राजेश उदावत, जीतू यादव, प्रिया डांगी, मनीष शर्मा, अपर आयुक्त अभय राजनगांवकर आदि उपस्थित थे।
भारत बनाम इंडिया विवाद
बता दें कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने जी20 शिखर सम्मेलन में विदेशी नेताओं को रात्रिभोज के लिए आमंत्रित किया था, आमंत्रण पत्र में ‘इंडिया के राष्ट्रपति’ के बजाय ‘भारत के राष्ट्रपति’ टाइटल का इस्तेमाल किया। उसके बाद से भारत और इंडिया को लेकर तमाम तरह की बयानबाजी हो रही है। इसके साथ ही जी 20 की बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सामने रखी नेमप्लेट में भी इंडिया के बजाए भारत लिखा था।