राघव-परिणीति की शादी के खर्च का लक्ष्मण सिंह ने केजरीवाल से मांगा हिसाब

 

कांग्रेस विधायक बोले- करोड़ों रुपए खर्च होंगे; कालाधन कहां से आ रहा?

गुना। चांचौड़ा विधानसभा से कांग्रेस विधायक और पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के भाई लक्ष्मण सिंह ने आम आदमी पार्टी के नेता राघव चड्‌ढा और एक्ट्रेस परिणीति चोपड़ा की शादी के खर्च का हिसाब मांगा है। चांचौड़ा में कार्यकर्ताओं की मीटिंग के दौरान उन्होंने कहा, ‘शादी में 10 करोड़ रुपए से ज्यादा खर्च होंगे। यह कालाधन कहां से आ रहा, केजरीवाल बताएं।’
उन्होंने कहा कि ‘उदयपुर के जिस होटल में राघव-परिणीति शादी कर रहे हैं, वहां के एक कमरे का किराया 30 से 40 हजार रुपए प्रतिदिन है। आम आदमी पार्टी के पास इतना पैसा कहां से आया? अरविंद केजरीवाल भी शादी अटेंड करेंगे। उन्हें जवाब देना चाहिए। कांग्रेस और आम आदमी पार्टी दोनों I.N.D.I.A का हिस्सा हैं।
लक्ष्मण सिंह का यह बयान इसलिए भी मायने रखता है, क्योंकि गुरुवार को चांचौड़ा से भाजपा की पूर्व विधायक ममता मीणा ने दिल्ली जाकर आम आदमी पार्टी की सदस्यता ले ली है। आप उन्हें चांचौड़ा से उम्मीदवार बना सकती है। भाजपा प्रियंका मीणा को उम्मीदवार घोषित कर चुकी है। वर्तमान में कांग्रेस से विधायक लक्ष्मण सिंह हैं। कांग्रेस ने अभी सूची जारी नहीं की है। इस सीट पर त्रिकोणीय मुकाबला तय है।