तरबतर हुआ इंदौर, 10 घंटे में दो इंच बारिश, बाइक सहित बहा युवक

इंदौर । लंबे समय बाद इंदौर के लोग पिछले दो दिन से झमाझम बारिश देख रहे हैं। शहर में शुक्रवार सुबह से ही बादल छाए रहे और तेज बारिश का दौर जारी रहा। दिन में तेज बारिश के कारण सड़कों व चौराहों पर जल जमाव हो गया। वहीं बारिश के दौरान धुंध का असर भी रहा। दृश्यता इतनी गिर गई कि चालकों को अपने वाहनों की लाइट चालू करना पड़ी। न्यूनतम दृश्यता 1500 मीटर तक भी पहुंची।
उधर, इंदौर के दुधिया गांव में पुलिया पार कर रहा युवक बाइक सहित बह गया। पुलिया पर से पानी जाने के बावजूद वह लापरवाहीपूर्वक पुलिया पार कर रहा था। हालांकि ग्रामीणों ने उसकी जान बचा ली। रीगल तिराहा स्थित मप्र प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के मौसम केंद्र पर शुक्रवार शाम 6 बजे तक करीब 10 घंटे में 51.25 मिलीमीटर यानी दो इंच बारिश दर्ज की गई। एयरपोर्ट स्थित मौसम केंद्र पर शुक्रवार शाम 5.30 बजे तक नौ घंटे में 39.5 मिलीमीटर बारिश दर्ज हुई। वहीं, गुरुवार शाम 5.30 बजे से शुक्रवार शाम 5.30 बजे तक 24 घंटे में 65.3 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई। शाम 4 बजे बाद बारिश की गतिविधियां थमी, लेकिन बूंदाबांदी का दौर जारी रहा।तापमान भी गिरा
बादल व बारिश के कारण दिन के तापमान में भी गिरावट देखने को मिली। अधिकतम तापमान सामान्य से पांच डिग्री कम 25.1 डिग्री दर्ज किया। दिन में उत्तर पश्चिमी हवा 12 किलोमीटर प्रतिघंटा की गति से चली। वहीं न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री अधिक 22.5 डिग्री दर्ज किया गया। शुक्रवार को अधिकतम व न्यूनतम तापमान के बीच महज 2.6 डिग्री का अंतर ही रहा। एयरपोर्ट स्थित मौसम केंद्र पर शुक्रवार शाम 5.30 बजे तक इस मानसून सीजन में अब तक 719.2 मिलीमीटर बारिश दर्ज हो चुकी है। इंदौर में शनिवार व रविवार को मध्यम से तेज बारिश का दौर जारी रहेगा।दुधिया रपट पर बाइक सहित
बहा युवक
तेज बारिश के कारण नदी-नाले उफान पर हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में यातायात अवरुद्ध हो रहा है। पुल और रपट पर पानी आ गया है। खुड़ैल थाना क्षेत्र में शुक्रवार को बाइक सवार युवक बाइक सहित रपट से बह गया। हालांकि, उसे ग्रामीणों की मदद से बचा लिया गया। घटना दुधिया रपट की है। दोपहर को उमरिया निवासी कुंदन पुत्र गोकुल देवगुराड़िया से दुधिया की तरफ जा रहा था। रपट पर पानी आ गया था। पानी का बहाव इतना तेज था कि बाइक निकालते हुए कुंदन रपट से बह गया। हालांकि उसे तैरना आता था। पानी ज्यादा होने के कारण पुलिस की पीसीआर वैन भी मौजूद थी। तत्काल पुलिसकर्मी पहुंच गए और ग्रामीणों की मदद से कुंदन को बचा लिया।