जुगलकिशोर मंदिर में पन्ना की महारानी का हंगामा, गिरफ्तार

 

पन्ना। बुंदेलखंड के प्रसिद्ध जुगलकिशोर मंदिर में पन्ना राजघराने की महारानी जितेश्वरी देवी ने कृष्ण जन्माष्टमी पर हंगामा कर दिया। कृष्ण जन्मोत्सव रात 12 बजे शुरू हुआ। इस दौरान जितेश्वरी देवी आरती के बीच से ​​​​​​उठीं और गर्भगृह में जाकर पुजारी से चंवर छुड़ा लिया। फिर भक्तों की तरफ देखकर गलत तरीके से चंवर डुलाने लगीं। अभद्रता की।
श्रद्धालुओं ने उनको गर्भगृह से बाहर करने की आवाजें लगाईं। पुजारी और वहां मौजूद लोगों ने जितेश्वरी देवी को गर्भगृह से बाहर करने की कोशिश की। इस दौरान वह गिर गईं। उन्हें पुलिस की मदद से घसीटकर बाहर किया गया। उन्होंने पुलिस से भी अभद्रता की।
पूजन में विघ्न के कारण पुजारी ने आरती बीच में ही रोक दी। भक्तों में काफी आक्रोश है, उन्होंने पन्ना के इतिहास में इसे सबसे निंदनीय घटना बताया है। मंदिर समिति के प्रबंधक संतोष कुमार तिवारी ने पुलिस को बताया कि महारानी शराब के नशे में थीं। पन्ना कोतवाली पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया है।