150 सीटों के साथ फिर भाजपा सरकार बनेगी, हम आशीर्वाद मांगने आए हैं

मंडला में अमित शाह ने कमलनाथ को करप्शन नाथ, दिग्विजय सिंह को बंटाढार कहा

मंडला। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने दावा किया कि मध्यप्रदेश में इस बार 150 सीटों के साथ भाजपा की सरकार बनने जा रही है। शाह ने मंडला में भाजपा की जन आशीर्वाद यात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इसके पहले उन्होंने एक सभा को संबोधित किया। उन्होंने कहाकहा कि आपके आशीर्वाद के साथ जन आशीर्वाद यात्रा शुरू कर रहे हैं। ऐसी पांच यात्रा प्रदेश की 210 विधानसभा क्षेत्र में घूमकर भोपाल जाएंगी।
शाह ने कहा – मैं आज दावे से कहने आया हूं, बंटाधार जी आप और करप्शन नाथ दोनों सुन लो, जब 25 सितंबर को हमारी जन आशीर्वाद यात्रा समाप्त होगी। उसी दिन तय हो जाएगा कि मध्यप्रदेश में अगली बार 150 सीटों के साथ फिर से भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनेगी। मंडला में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने मप्र में एक बार फिर भाजपा की सरकार बनाने की बात कही।

मि. बंटाढार ने एमपी को बीमारू राज्य बना दिया था: शाह

अमित शाह ने कहा कि मध्यप्रदेश को बीमारू राज्य बनाकर मिस्टर बंटाढार छोड़कर गए थे। भ्रष्टाचार, लूट-खसोट, बिना बिजली गरीबों का घर, बिना सिंचाई की खेती छोड़कर गए थे। भाजपा के मुख्यमंत्रियों ने इसे बेमिसाल बनाकर आगे बढ़ाने का काम किया। मध्यप्रदेश ने पेसा कानून को जमीन पर उतारने का काम किया है। उन्होंने कहा कि मैं आदिवासी सम्मेलन में आया था। सीएम शिवराज ने धड़ाधड़ घोषणाएं कर दीं। मैंने पूछा ये पूरी हुई या नहीं तो उन्होंने बताया सभी पूरी कर दी।