महाकाल में आज महारुद्र अनुष्ठान, मुख्यमंत्री शिवराज शामिल होंगे 

 

– बारिश व जनकल्याण की कामना से मंदिर समिति कर रही आयोजन 

– सुबह 9 से 10 बजे के बीच चलेगा, मंदिर के 66 पंडे-पुजारी भाग लेंगे  

 

दैनिक अवंतिका उज्जैन। 

ज्योतिर्लिंग महाकालेश्वर मंदिर में भादौ मास के सोमवार को महारुद्र अनुष्ठान किया जाएगा। देश-प्रदेश में अच्छी बारिश व जनकल्याण की भावना से यह अनुष्ठान महाकाल मंदिर प्रबंध समिति द्वारा किया जा रहा है।इस अनुष्ठान में प्रदेश के मुखिया होने के नाते मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान भी विशेष रूप से शामिल होंगे। 

अनुष्ठान में महाकाल मंदिर के 66 पंडे-पुजारी भाग लेंगे। महाकाल मंदिर प्रबंध समिति के सदस्य एवं पुजारी राम शर्मा ने बताया कि अनुष्ठान सुबह 8 बजे प्रारंभ होगा व 10 बजे तक चलेगा। दो घंटे में यह अनुष्ठान संपन्न होगा। इसमें मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान भी विशेष रूप से शामिल होने सोमवार की सुबह उज्जैन आ रहे हैं। प्रशासनिक अफसरों की माने तो मुख्यमंत्री पूरे 2 घंटे तक इस अनुष्ठान में रहेंगे। इस अनुष्ठान को चुनाव से जोड़कर भी देखा जा रहा है कि लेकिन बारिश की कामना से पहले भी महाकाल मंदिर में महारूद्र, पर्जन्य आदि अनुष्ठान हुए है। 

मुख्यमंत्री पहले मंदिर में दर्शन करेंगे 

इसके बाद अनुष्ठान में शामिल होंगे 

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के उज्जैन आगमन का अधिकृत कार्यक्रम नहीं आया पर प्रशासनिक अफसरों व मंदिर के पंडे-पुजारियों के पास सीएम हाउस से जो जानकारी आई है इसके मुताबिक मुख्यमंत्री सोमवार की सुबह भोपाल से उज्जैन आएंगे। इसके बाद वे सीधे महाकाल मंदिर जाएंगे। जहां दर्शन-पूजन करने के पश्चात मंदिर में चल रहे महारुद्र अनुष्ठान में शामिल होंगे। इसके बाद वे अनुष्ठान की पूर्णाहुति तक यहीं रहेंगे। इसको ध्यान में रखते हुए ही अफसरों द्वारा सर्किट हाऊस से लेकर महाकाल मंदिर तक पूरी तैयारियां की जा रही है।