March 28, 2024

इंदौर पुलिस ने आज मक्सी से पकड़ा, बड़नगर से कांग्रेस विधायक मुरली मोरवाल का बेटा करण लंबे समय से था फरार

ब्रह्मास्त्र इंदौर। इंदौर पुलिस ने लंबे समय से फरार चल रहे दुष्कर्म के आरोपी कांग्रेस विधायक के पुत्र करण मोरवाल को गिरफ्तार कर लिया है। मामले को लेकर छह महीने से ज्यादा समय से फरार चल रहे विधायक पुत्र पर पुलिस ने 25 हजार का इनाम घोषित कर रखा था।

पुलिस की गिरफ्त में करण मोरवाल

बड़नगर विधायक मुरली मोरवाल के बेटे करण मोरवाल पर युवती से बलात्कार सहित विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज है। वह काफी समय से आरोपी फरार भी चल रहा था, वहीं आज इंदौर के महिला थाना पुलिस ने मक्सी से आरोपी करण को गिरफ्तार कर लिया है। बता दें कि आरोपी करण मोरवाल के खिलाफ एक युवती ने दुष्कर्म की धाराओं में प्रकरण दर्ज करवाया था।

क्या है मामला

महिला नेत्री ने इंदौर के महिला थाना में 2 अप्रैल को बड़नगर से कांग्रेस विधायक के बेटे करण पर शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने का आरोप लगाते हुए मामला दर्ज कराया था। युवती का आरोप है कि करण मोरवाल ने शादी का झांसा देकर उसका रेप किया और बाद में शादी की बात को टालने लगा। युवती द्वारा शादी की बात करने पर उसके साथ मारपीट भी की गई। इसे लेकर पीड़िता ने थाने में मामला दर्ज कराया था। इसके बाद पुलिस करण मोरवाल की तलाश में थी। वहीं 19 अक्टूबर को आरोपी के छोटे भाई को इंदौर महिला थाने बुलाकर पूछताछ की गयी थी। 26 अक्टूबर को छह महीने से ज्यादा समय से फरार चल रहे विधायक पुत्र को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

गृहमंत्री ने भी दी थी चेतावनी

छह दिन पहले ही भोपाल में गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने इंदौर आईजी को निर्देश दिए थे कि करण मोरवाल पर इनाम की राशि बड़ा कर 25 हजार कर दी जाए। वहीं विधायक मुरली मोरवाल से गृहमंत्री ने कहा था कि 2 दिन में करण को सरेंडर कराएं अन्यथा प्रदेश में ऐसी कार्रवाई की जाएगी जो कि नाजिर बन जाएगी।