मप्र की 100 सीटों पर कांग्रेस की पहली सूची दो हफ्ते में होगी जारी!

 

भोपाल। मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा द्वारा पहली सूची जारी कर देने के बाद अब कांग्रेस में भी उतावलापन नजर आ रहा है। सत्ता वापसी के लिए वह पुरजोर कोशिश कर रही है। कांग्रेस 10-15 सितंबर तक 100 से ज्यादा नामों की पहली लिस्ट जारी कर सकती है। कांग्रेस ने उम्मीदवार चयन के लिए तीन सर्वे कराए हैं। सूत्रों ने बताया कि सर्वे रिपोर्ट के आधार पर ज्यादातर सीटों पर नाम लगभग फाइनल हो चुके हैं।
रक्षाबंधन के बाद 2 सितंबर को भोपाल में कांग्रेस की स्क्रीनिंग कमेटी की बैठक होने वाली है। इसमें सर्वे रिपोर्ट के साथ ही जिलास्तर पर संगठन के पदाधिकारियों के फीडबैक पर मंथन होगा। इसके बाद उम्मीदवार के नाम फाइनल किए जाएंगे। बताया जा रहा है कि पहले हारी हुई सीटों पर नामों की घोषणा होगी।
कांग्रेस 109 सीटों पर नए चेहरे पर दांव लगाने की तैयारी में है। मौजूदा 17 विधायकों के टिकट काटे जा सकते हैं। पार्टी सूत्र बताते हैं कि ये संख्या बढ़ भी सकती है।

इन विधायकों की पहली सर्वे रिपोर्ट आई

रवि जोशी (खरगोन), मेवाराम जाटव (गोहद), सुरेश राजे (डबरा), ब्रहा मलावी (घोड़ाडोंगरी), संजय यादव (बरगी), अर्जुन काकोड़िया (बरघाट), और अशोक मसकोले (निवास) की प्रारंभिक सर्वे में स्थिति बेहतर नहीं पाई गई। फिलहाल, इनकी दो सर्वे रिपोर्ट आना बाकी हैं।

तीन सर्वे रिपोर्ट ही टिकट का मुख्य आधार

पार्टी के एक पदाधिकारी के मुताबिक कमलनाथ उम्मीदवारों के चयन में जोखिम लेना नहीं चाहते। यही वजह है कि 20 से अधिक विधायकों के टिकट काटकर नए चेहरे को चुनाव मैदान में उतारने की तैयारी है।

जिन विधायकों की प्रारंभिक सर्वे में रिपोर्ट ठीक नहीं थी, उन्हें क्षेत्र में सक्रिय होकर परफॉर्मेंस सुधारने की हिदायत दी गई थी। इसके बाद हुए दो सर्वे में भी जिन विधायकों के प्रदर्शन में सुधार नहीं आया।
इस सूची में उन 66 सीटों पर उम्मीदवारी का ऐलान की उम्मीद है, जहां कांग्रेस लगातार पांच बार से हार रही है। कांग्रेस ने इन सीटों को बेहद कमजोर माना है।

इन 62 सीटों पर चुनाव हार रही कांग्रेस

गोविंदपुरा, बैरसिया, भोजपुर, सांची, बुधनी, आष्टा, सीहोर, कुरवाई, शमशाबाद, इंदौर -2, इंदौर-4, इंदौर- 5, महू, उज्जैन उत्तर, उज्जैन दक्षिण, मंदसौर, रतलाम सिटी, मल्हारगढ़, नीमच, जावद, जबलपुर कैंट, पनागर, सिहोरा, मुड़वारा, रहली, सागर, खुरई, नरयावली, दतिया, बालाघाट, रीवा, सीधी, हरसूद, सोहागपुर, धार, गुना, शिवपुरी, अशोकनगर, देवसर, धौहनी, जयसिंहनगर, जैतपुर, बांधवगढ़, मानपुर, परसवाड़ा, बालाघाट, सिवनी, आमला, टिमरनी, सिवनी मालवा, होशंगाबाद, सोहागपुर, पिपरिया, सुसनेर, शुजालपुर, देवास, खातेगांव, बागली, खंडवा, पंधाना, बुरहानपुर और सारंगपुर।