हे महाकाल..! चंद्रयान अब चंद्रदेव के हवाले

चंद्रयान की सॉफ्ट लैंडिंग के लिए महाकाल से भस्म आरती में हुई विशेष प्रार्थना

उज्जैन। हे महाकाल..! चंद्रयान अब आपकी कृपा से चंद्रदेव के हवाले है। चंद्रयान की सॉफ्ट लैंडिंग के लिए महाकाल से भस्म आरती में विशेष प्रार्थना की गई। यूं तो पूरे देश में हर भारतवासी यही चाहता है कि चंद्रयान चंद्रमा पर सुरक्षित रूप से पहुंचे और भारत गौरवान्वित हो, चंद्रयान पर भारत के कदम वाकई न सिर्फ रोमांचकारी हैं, बल्कि गौरवमयी भी हैं। स्कूल – कॉलेज में सीधा प्रसारण दिखाने की व्यवस्था और विशेष सभा भारत और हमारे मध्य प्रदेश की उत्सुकता बता रही है।
ध्यान रहे कि चंद्रद्रयान-3 की लॉन्चिंग के लिए उज्जैन में 14 जुलाई को अनुष्ठान-अभिषेक किया गया था। अब करीब 40 दिन बाद चांद की सतह पर चंद्रयान की लैंडिंग होने जा रही है। देश भर के लोग चंद्रयान की सॉफ्ट लैंडिंग के लिए प्रार्थना कर रहे हैं। इसके लिए उज्जैन के महाकालेश्वर मंदिर में भस्म आरती के दौरान विशेष पूजन अर्चन किया गया।
भस्म आरती के दौरान श्रद्धालु और भारतवासियों की मंशा अनुसार चंद्रयान 3 की सफल लैंडिंग के लिए भगवान महाकाल का पूजन अभिषेक कर भस्म आरती लैंडिंग की उलटी गिनती शुरू होने के बाद विक्रम लैंडर की सॉफ्ट लैंडिंग के लिए प्रार्थना की गई। गौरतलब है कि इसरो चीफ डॉ. एस. सोमनाथ बीती 24 मई को उज्जैन आए थे। उन्होंने महाकालेश्वर सहित अन्य मंदिरों के दर्शन किए थे। इसरो प्रमुख ने महाकाल मंदिर में चंद्रयान 3 की सफलता के लिए कामना की थी।
श्रद्धालुओं ने चंद्रयान 3 की सफल लेंडिंग की कामना की। वे चंद्रयान की तस्वीरें लेकर मंदिर पहुंचे।