मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव की घोषणा के पहले ही भाजपा ने जारी की 39 उम्मीदवारों की पहली सूची, हारी हुई सीटों पर घोषणा

इंदौर के राऊ से मधु वर्मा, उज्जैन के तराना से ताराचंद गोयल, घटिया से सतीश मालवीय, सोनकच्छ से राजेश सोनकर, महेश्वर से राजकुमार मेव, पेटलावद से निर्मला भूरिया

भाजपा ने छत्तीसगढ़ की भी पहली सूची की जारी

भोपाल। भाजपा ने आगामी मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए 39 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी है। भारतीय जनता पार्टी केन्द्रीय चुनाव समिति ने मध्य प्रदेश में होने वाले आगामी विधानसभा चुनाव 2023 के लिए निम्नलिखित नामों पर अपनी स्वीकृति प्रदान की है। मालूम हो कि मध्‍य प्रदेश एवं छत्‍तीसगढ़ में इस वर्ष के अंत तक विधानसभा चुनाव होना हैं। दोनों ही प्रदेशों में भाजपा और कांग्रेस के साथ अन्‍य राजनीतिक दलों की चुनावी गतिविधियां तेज हो गईं हैं। बुधवार को ही दिल्‍ली में भाजपा की केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक देर तक चली। जिसमें ये नाम फाइनल कर दिए हैं।

मालवा निमाड़ की 66 में से 11 सीटों के उम्मीदवार घोषित किए भाजपा ने

1. सोनकच्छ- राजेश सोनकर
2. महेश्वर – राजकुमार मेव
3. कसरावद – आत्माराम पटेल
4. अलीराजपुर – नागर सिंह चौहान
5. झाबुआ – भानु भूरिया
6. पेटलावद – निर्मला भूरिया
7. कुक्षी – जयदीप पटेल
8. धरमपुरी- कालू सिंह ठाकुर
9. राउ – मधु वर्मा
10. तराना – ताराचंद गोयल
11. घटिया – सतीश मालवीय

पहली सूची में सिंधिया समर्थक भी

भाजपा की पहली सूची में सिंधिया समर्थकों को अधिक स्‍थान दिया गया है। सूची में पांच महिलाओं के नाम शामिल किए गए हैं।
मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव 2023 के लिए भाजपा ने अपने 39 प्रत्याशियों की पहली सूची जारी कर चुनावी बिगुल बजा दिया है। ऐसा पहली बार हुआ है, जब भाजपा ने चुनाव की घोषणा से पहले उम्मीदवारों का ऐलान किया है। ये सभी वो सीटें हैं जहां वर्तमान में कांग्रेस का कब्जा है। इनमें भी ज्यादातर वो सीटें हैं, जहां भाजपा लगातार दो बार से चुनाव हार रही है।

14 चेहरों को फिर से मौका

भाजपा की पहली सूची में 2018 में चुनाव हारे 14 चेहरों को फिर से मौका दिया है। इनमें तीन पूर्व मंत्री ललिता यादव, लाल सिंह आर्य, ओम प्रकाश धुर्वे और नाना भाऊ मोहोड़ भी शामिल है।
भोपाल मध्य से ध्रुवनारायण सिंह और भोपाल उत्तर से पूर्व महापौर आलोक शर्मा को टिकट दिया गया है। इंदौर के राऊ से मधु वर्मा को फिर से मैदान में उतारा गया है। जबलपुर पूर्व से अंचल सोनकर पर पार्टी ने भरोसा जताया है।
भिंड के गोहद से लाल सिंह आर्य को टिकट दिया गया है। जबकि पिछोर सीट से प्रीतम लोधी को मैदान में उतारा गया। छतरपुर से पूर्व मंत्री ललिता यादव मौका दिया गया है। सुमावली से सिंधिया समर्थक अदल सिंह कंसाना को टिकट मिला है। पेटलावद से निर्मला भूरिया को टिकट दिया है।

पिछले चुनाव में हारे इन प्रत्याशियों पर दोबारा भरोसा

राऊ – मधु वर्मा पेटलावद – निर्मला भूरिया कसरावद – आत्माराम पटेल गोहद – लाल सिंह आर्य छतरपुर – ललिता यादव पथरिया – लखन पटेल गुन्नौर – राजेश वर्मा चित्रकूट – सुरेंद्र सिंह गहरवार शाहपुरा – ओमप्रकाश धुर्वे सौंसर – नाना भाऊ मोहोड़ महेश्वर – राजकुमार मेव पेटलावद – निर्मला भूरिया कसरावद – आत्माराम पटेल सुमावली – एंदल सिंह कंसाना (ये उपचुनाव हारे थे)

नेताओं के बेटे और बहू को भी टिकट

सबलगढ़ के पूर्व विधायक स्व.मेहरबान सिंह रावत की बहू सरला रावत को उम्मीदवार बनाया गया है। जबलपुर के पाटन सीट से पूर्व विधायक प्रतिभा सिंह के बेटे नीरज सिंह ठाकुर को टिकट दिया गया है। छतरपुर जिले के महाराजपुर में पूर्व विधायक मानवेंद्र सिंह भंवर राजा के बेटे कामाख्या प्रताप सिंह को मैदान में उतारा है।

इन्हें एक दशक बाद फिर टिकट

मुलताई से चंद्रशेखर देशमुख को टिकट दिया गया है। उन्होंने 2013 में कांग्रेस के कद्दावर नेता सुखदेव पांसे को हराया, लेकिन 2018 के चुनाव में पार्टी ने उन्हें टिकट नहीं दिया था और यहां कांग्रेस ने जीत दर्ज की थी। लेकिन इस बार फिर पार्टी ने चंद्रशेखर देशमुख पर भरोसा जताया है।
इसी तरह उज्जैन की घट्टिया सीट से 2013 में सतीश मालवीय जीते थे, लेकिन उन्हें 2018 में टिकट नहीं दिया था, इस चुनाव में बीजेपी को हार का सामना करना पड़ा था, लेकिन एक बार फिर से पार्टी ने मालवीय पर दांव लगाया है।

संगठन के लोगों को भी टिकट

बीजेपी ने अनूपपुर जिले की पुष्पराजगढ़ विधानसभा सीट से युवा चेहरा और भाजपा के जिला महामंत्री हीरा सिंह श्याम को उम्मीदवार घोषित किया है। पहले चर्चा थी कि सांसद हिमाद्री सिंह को यहां से विधानसभा चुनाव लड़ाया जा सकता है, लेकिन पार्टी ने हीरा सिंह श्याम पर भरोसा जताया। वे जनपद पंचायत के अध्यक्ष भी रहे हैं।

चाचौड़ा से प्रियंका मीणा को मौका

चाचौड़ा सीट से प्रियंका मीणा को टिकट दिया गया है। इस सीट में वर्तमान में दिग्विजय सिंह के भाई लक्ष्मण सिंह विधायक है। प्रियंका मीणा हाल ही में भाजपा में शामिल हुई है। उनके पति आईआरएस हैं और वर्तमान में दिल्ली में पदस्थ हैं। प्रियंका मीना उस समय सबसे ज्यादा चर्चा में आयीं, जब उन्होंने जिला पंचायत सदस्य का चुनाव लड़ा।

सुबह आप से इस्तीफा शाम को भाजपा से टिकट

बालाघाट जिले की लांजी सीट से भाजपा ने राजकुमार कर्राये को टिकट दिया है। राजकुमार ने गुरुवार सुबह आप पार्टी से इस्तीफा दिया था। शाम को उन्हें भाजपा की जारी हुई पहली 39 उम्मीदवारों कर सूची में जगह मिल गई। वे आप से पहले भाजपा में ही थे। दो बार से टिकट की मांग कर रहे थे। यानी एक तरह से उनकी घर वापसी हुई है।