हिमाचल में व्यास नदी उफान पर- 300 सड़कें बंद उत्तराखंड में रेड अलर्ट

ब्रह्मास्त्र नई दिल्ली

हिमाचल प्रदेश में पिछले 24 घंटे से बारिश जारी है। जिसके चलते व्यास नदी उफान पर है। कई जगह लैंडस्लाइड हुआ और 300 से अधिक सड़कें बंद हो गईं। मौसम विभाग ने आज के लिए आॅरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं उत्तराखंड में भी तेज बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों के लिए उत्तराखंड के छह जिलों देहरादून, टेहरी गढ़वाल, पौडी गढ़वाल, नैनीताल, चंपावत और उधम सिंह नगर में भारी बारिश की संभावना जताई है। उधर रुद्रप्रयाग जिले के गौरीकुंड में सर्च आॅपरेशन अभी भी जारी है। शनिवार को 2 और शव बरामद हुए। अब तक कुल 7 शव बरामद किए गए हैं। 4 अगस्त को लैंडस्लाइड में 25 लोग दब गए थे। दिल्ली में रविवार को गर्मी और उमस रहने का अनुमान है। पंजाब, हरियाणा और उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। यूपी, छत्तीसगढ़ के भी कुछ हिस्सों में भी बारिश की संभावना है।