मुख्यमंत्री शिवराज ने जन कल्याण की कामना से महाकाल का गर्भगृह में किया सपत्निक पूजन

– श्रावण मास में पूरे परिवार के साथ निकले देव-दर्शन को, दोनों पुत्र कार्तिकेय व कुणाल भी साथ
दैनिक अवंतिका उज्जैन।
मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने धर्मपत्नि श्रीमती साधना सिंह एवं पुत्र कार्तिकेय एवं कुणाल के साथ श्रावण मास के तीसरे सोमवार को  उज्जैन प्रवास के दौरान महाकाल मंदिर में गर्भगृह से पूजन कर जन कल्याण की कामना की।
मुख्यमंत्री ने भगवान महाकाल का पंचामृत से अभिषेक, पूजन किया। पूजन पुजारी बाला गुरु ने कराया। श्रावण मास के सोमवार को मुख्यमंत्री पूरे परिवार के साथ देव दर्शन को निकले। उन्होंने धार्मिक नगरी उज्जैन में आकर महाकाल से आशीर्वाद लिया और कहा कि यहाँ आकर में धन्य हो जाता हूं। पुण्य की प्राप्ति भी होती है।
मुख्यमंत्री की हेलीपेड पर अधिकारियों
एवं जनप्रतिनिधियों ने की अगवानी
मुख्यमंत्री चौहान दोपहर में पुलिस लाइन स्थित हेलीपेड पहुंचे जहाँ प्रशासनिक अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने अगवानी कर स्वागत किया। हेलीपेड पर संभागायुक्त संदीप यादव, आईजी संतोष कुमार सिंह, कलेक्टर कुमार पुरुषोत्तम, पुलिस अधीक्षक सचिन शर्मा, सांसद अनिल फिरोजिया, विधायक पारस जैन, महापौर  मुकेश टटवाल, अनिल जैन कालूहेड़ा आदि उपस्थित थे।