मणिपुर में महिलाओं को निर्वस्त्र घुमाने वाले 4 आरोपी गिरफ्तार

भीड़ ने एक का घर जलाया, सीएम बीरेन सिंह बोले- आरोपियों को मौत की सजा दिलाएंगे

ब्रह्मास्त्र इंफाल

मणिपुर में दो महिलाओं को निर्वस्त्र घुमाने के मामले में अब तक 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह ने कहा है कि सरकार सभी आरोपियों को मौत की सजा दिलाने के लिए हरसंभव प्रयास करेगी। वहीं, भीड़ ने गुरुवार (20 जुलाई) शाम को एक आरोपी के घर को आग के हवाले कर दिया।

 

 

महिलाओं को निर्वस्त्र घुमाने की घटना 4 मई को राजधानी इंफाल से लगभग 35 किलोमीटर दूर कांगपोकपी जिले में हुई थी। इसका वीडियो 19 जुलाई को सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। वीडियो में दिखाई दे रहा है कि कुछ लोग दो महिलाओं को निर्वस्त्र करके ले जा रहे हैं और उनसे अश्लील हरकतें कर रहे हैं। घटना के विरोध में गुरुवार (21 जुलाई) सुबह मणिपुर के चुराचांदपुर में प्रदर्शन शुरू हो गया। हजारों लोगों ने काले कपड़े पहनकर प्रदर्शन किया और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की। महिलाओं को निर्वस्त्र घुमाने के मामले में सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि वीडियो देखकर हम बहुत परेशान हुए हैं। हम सरकार को वक्त देते हैं कि वो कदम उठाए। अगर वहां कुछ नहीं हुआ तो हम कदम उठाएंगे।