गोदाम का छज्जा गिरा, दबने से मजदूर की मौत, साथी घायल

इंदौर। लसूड़िया मोरी में एक मजदूर की दबने से मौत हो गई। उसका साथी मजदूर घायल है। दोनों इलेक्ट्रिक उपकरण बनाने वाली कंपनी के गोदाम में ट्रक खाली करवाने आए थे। पुलिस मर्ग कायम कर जांच कर रही है। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। लसूड़िया थाना पुलिस के मुताबिक, घटना सूर्या कंपनी के गोदाम की है। सोमवार को ट्रक में सामान आया था। अर्जुन पुत्र सेवाराम निवासी लसूड़िया मोरी और मलखान पुत्र बाबूलाल को ट्रक खाली करवाने बुलाया था। इस दौरान गोदाम का छज्जा भरभरा कर गिर गया। इसमें दोनों मजदूर दबने से घायल हो गए। काफी देर तक अस्पताल ले जाने का साधन नहीं मिला। काफी देर बाद अस्पताल ले गए, जहां उपचार के दौरान अर्जुन की मौत हो गई।

महिलाओं से अभद्रता पर डॉक्टर पर केस
इंदौर। हीरानगर थाना पुलिस ने डा. राजेश सुनहरे के खिलाफ केस दर्ज किया है। डाक्टर महू के सिविल अस्पताल में रेडियो लाजिस्ट है। पुलिस के मुताबिक, घटना तिरुमाला प्राइड (भानगढ़) की है। कालोनी में अमावस्या पर हरियाली महोत्सव मनाया जा रहा था। फरियादी हेमलता, वैशाली पंवार, नम्रता, कामिनी बगीचे में घूम रही थी। डा. सुनहरे कालोनी के सचिव भी है। वे महिलाओं के साथ अभद्रता करने लगे। उन्होंने कहा कि तुम मेंटेनेंस के रुपये नहीं देते हो। महिलाओं ने अपशब्दों का प्रयोग करने का आरोप लगाया और थाने में शिकायत कर दी।