तड़के 4 बजे क्षिप्रा में डूबा दोस्तों के साथ आया युवक

उज्जैन। क्षिप्रा नदी में लगातार हादसे होना सामने आ रहे, बावजूद प्रशासन सुरक्षा के इंतजाम नहीं कर पा रहा है। सोमवार तड़के 4 बजे दोस्तों के साथ भोपाल से आया 10 वीं का छात्र डूब गया। जिसका शव 3 घंटे बाद निकाला गया।
महाकाल लोक का लोकार्पण होने के बाद से बाबा महाकाल की नगरी में आस्था का सैलाब उमड़ रहा है। देशभर से आने वाले श्रद्धालु बाबा के दर्शन से पहले क्षिप्रा स्नान के लिये पहुंच रहे है। 24 घंटे रामघाट पर श्रद्धालुओं का आना जाना लगा हुआ है। क्षिप्रा नदी में सुरक्षा के इंतजाम नहीं होने से आये दिन हादसे होना सामने आ रहे है। सोमवार तड़के भोपाल के पिपलानी में रहने वाला अमित पिता राजू कुंडे 20 वर्ष अपने छह दोस्तों के साथ महाकाल दर्शन करने आया था। मंदिर जाने से पहले क्षिप्रा में आस्था की डूबकी लगाने पहुंचा। जहां रामघाट के पास दोस्तों के साथ नहाने उतारा। तभी घाट पर फैली काई की वजह से उसका पैर फिसला और वह गहराई में चला गया। दोस्तों ने उसे डूबता देखा तो बचाने के लिये शोर मचाया, सुबह का समय होने पर घाट पर तैराक मौजूद नहीं थे। दोस्तों ने अपने कपड़ों की रस्सी बनाई और अमित को बचाने का प्रयास किया, लेकिन उनकी कोशिश कामयाब नहीं हो पाई और अमित गहराई में चला गया। दोस्तों ने घाट पर लोगों से मदद मांगी, लेकिन किसी को तैराना नहीं आने पर मदद नहीं मिल पाई। काफी देर तक दोस्त अमित को नदी से निकालने के लिये गुहार लगाते रहे। 3 घंटे बाद घाट पर पहुंचे कुछ तैराको का युवक के डूबने की खबर लगी तो उन्होंने तलाश शुरू की। कुछ देर में अमित को बाहर निकाला गया। महाकाल पुलिस सूचना मिलने पर रामघाट पहुंच गई थी। शव को जिला अस्पताल लाया गया। दोस्तों ने बताया कि अमित कक्षा 10 वीं का छात्र था और पहली बार महाकाल दर्शन करने आया था। पुलिस ने परिजनों को सूचना दी। दोपहर में पहुंचे परिजनों को पोस्टमार्टम के बाद शव सौंपा गया। बताया जा रहा था कि परिवार काफी गरीब परिस्थिति का था, जो शव अपने साथ भोपाल लेकर गया है।