जिला अध्यक्ष हटाओ भाजपा बचाओ के नारे के साथ सैकड़ों कार्यकर्ता निकले रतलाम की ओर

आलोट। रतलाम जिला भाजपा में घमासान थमने का नाम नहीं ले रहा है जहां एक और जिला अध्यक्ष राजेंद्र सिंह लुनेरा को रतलाम में ही चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है वहीं दूसरी ओर आलोट मंडल अध्यक्ष विक्रम सिंह आंजना को हटाने के बाद उनके बगावती तेवर जिला भाजपा को परेशान कर रहे हैं।

उल्लेखनीय है कि गत 23 मई को आलोट थाने के चार पुलिसकर्मियों पर अवैध रूप से वसूली का आरोप लगाते हुए मंडल अध्यक्ष सहित भाजपा पदाधिकारी थाने पर ही धरने पर बैठ गए थे जिसके बाद 8 भाजपा नेताओं को नोटिस मिले थे वहीं बाद में भाजपा मंडल अध्यक्ष को हटाकर उनकी जगह दिलीप सिंह डोडिया को मंडल अध्यक्ष बनाया गया है जिसके बाद से ही पूर्व मंडल अध्यक्ष विक्रम सिंह आंजना ने बगावती तेवर दिखाना शुरू कर दिया है वही मंडल अध्यक्ष सहित अन्य नेताओं ने जिला अध्यक्ष पर कार्यकर्ताओं की उपेक्षा करने एवं भाजपा को कमजोर करने जैसे गंभीर आरोप लगाते हुए 17 जून को जिला भाजपा कार्यालय चलने का आह्वान किया था। इसी कड़ी में आज आलोट मंडल के सैकड़ों कार्यकर्ता लगभग 50 चार पहिया वाहनों के काफिले के साथ रतलाम की ओर निकले जहां वे जिले के पदाधिकारियों के समक्ष अपना विरोध प्रदर्शन कर रतलाम जिला अध्यक्ष को हटाने की बात करेंगे।