मणिपुर हिंसा, थाने से हथियार लूटने की कोशिश

ब्रह्मास्त्र इंफाल

मणिपुर में 3 मई से जारी हिंसा अब भी जारी है। शुक्रवार रात 5 बड़ी अलग-अलग घटनाएं हुईं। इंफाल पश्चिम के इरिंगबाम थाने पर सैकड़ों लोगों की भीड़ ने हमला कर दिया। यहां हथियार लूटने की कोशिश की गई, हालांकि सुरक्षाबलों ने भीड़ को भगा दिया।
दूसरी घटना में भीड़ ने भाजपा के एक विधायक विश्वजीत के घर में आग लगाने की कोशिश की। इसे मणिपुर रैपिड एक्शन फोर्स की टीम ने नाकाम कर दिया।
तीसरी घटना सिंजेमाई की है। यहां भीड़ ने बीजेपी आॅफिस को घेर लिया, लेकिन सेना के जवानों ने उन्हें तितर-बितर कर दिया।
चौथी घटना में राजधानी इंफाल में पोरमपेट के पास शुक्रवार देर रात बीजेपी की महिला अध्यक्ष शारदा देवी के घर में भीड़ ने तोड़फोड़ करने की कोशिश की। सुरक्षाबलों ने युवकों को खदेड़ दिया।
पांचवी घटना राजधानी इंफाल के प्रसिद्ध पैलेस कंपाउंड की है। यहां करीब 1 हजार लोगों की भीड़ कंपाउंड को जलाने के लिए आई, लेकिन आरएएफ के जवानों ने आंसू गैस के गोले दागे और रबर की गोलियां चलाईं, जिसके बाद भीड़ वहां से हटी।