इंदौर पुलिस ने बजरंग दल नेताओं को दौड़ा- दौड़ा कर पीटा

बात मुख्यमंत्री तक पहुंची, क्या होगी पुलिस वालों पर कार्रवाई?

इंदौर। गुरुवार रात पलासिया थाने में प्रदर्शन कर रहे बजरंग दल के कार्यकर्ताओं पर पुलिस ने लाठीचार्ज कर दिया। ये कार्यकर्ता नशे के खिलाफ विरोध प्रदर्शन कर रहे थे। पुलिस ने उन्हें दौड़ा-दौड़ा कर पीटा, जिसके बाद कार्यकर्ता छप्पन दुकान की ओर भाग गए। यहां उन्होंने दुकानों पर पथराव कर दिया। कई वाहनों में तोड़-फोड़ कर दी। इस दौरान कुछ पुलिसकर्मी भी घायल हो गए हैं। बात मुख्यमंत्री तक पहुंच गई है। भाजपा नेताओं ने पुलिस पर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने कुछ कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। वे पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की मांग को लेकर जेल में भूख हड़ताल पर बैठ गए।
मामला शहर के पलासिया चौराहे का है। गुरुवार शाम करीब 7 बजे बजरंग दल के कार्यकर्ता यहां जुटे थे। वे नशे के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे थे। उन्होंने पर सड़क बैठकर नारेबाजी शुरू कर दी। प्रदर्शन के कारण जाम की स्थिति बन गई। पुलिस ने कई बार हटने के लिए कहा, लेकिन कार्यकर्ता नहीं माने। आखिरकार पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा। कार्यकर्ताओं को मेडिकल के लिए एमवाय अस्पताल भेजा गया है। साथ ही तुकोगंज और पलासिया थाने के दो-दो पुलिसकर्मियों का भी मेडिकल कराया गया है।

मार खाते दिख रहे राजेश बिंजवे। पिछले 30 सालों से स्वयंसेवक हैं। 25 साल पहले भी इन्होंने सयाजी होटल में फैशन शो का विरोध किया था।

भाजपा नेता बोले- पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई के लिए सीएम से बात की

लाठीचार्ज के बाद गिरफ्तार बजरंग दल के कार्यकर्ताओं से मिलने भाजपा नगर अध्यक्ष गौरव रणदिवे सीआई जेल पहुंचे। रणदिवे का कहना है कि घटना को लेकर पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई करने के लिए मुख्यमंत्री से चर्चा की गई है।
भाजपा नगर उपाध्यक्ष व हिंद रक्षक संगठन के राष्ट्रीय संयोजक एकलव्य सिंह गौड़ बजरंज दल के गिरफ्तार कार्यकर्ताओं से मिलने पहुंचे।

शांतिपूर्वक प्रदर्शन करना था, 500 पहुंच गए

डीसीपी धर्मेंद्र भदौरिया का कहना है कि गुरुवार शाम साढ़े सात बजे बजरंग दल के लोगों ने शांतिपूर्वक प्रदर्शन करने और थाने में ज्ञापन देने की बात कही थी, लेकिन 500 कार्यकर्ता यहां इकट्‌ठा हो गए। पुलिस के लाठीचार्ज के बाद कार्यकर्ता इधर-उधर भाग गए। छप्पन दुकान पर पहुंचे कुछ कार्यकर्ताओं ने दुकानों पर पथराव कर दिया। लोग पथराव से बचने के लिए भागते नजर आए। ड्यूटी कर रहे हेड कॉन्स्टेबल संदीप सिंह के सिर में चोट आई है। उन्हें उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।

कार्रवाई नहीं होने तक करेंगे भूख हड़ताल

पुलिस ने विश्व हिंदू परिषद के विभागीय मंत्री राजेश बिंजवे, संगठन मंत्री तन्नु शर्मा सहित कई पदाधिकारियों को गिरफ्तार कर जिला जेल भेज दिया है। राजेश बिंजवे ने बताया कि वे लोग शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे थे, लेकिन पुलिस ने बिना कारण लाठीचार्ज कर दिया। जब तक पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई नहीं हो जाती तब तक जेल में भूख हड़ताल करेंगे।