April 20, 2024

कांग्रेस ने की थी शिकायत, मंत्री बोले-मानहानि केस करूंगा

ब्रह्मास्त्र भोपाल

मध्यप्रदेश सरकार में नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्री भूपेंद्र सिंह के खिलाफ लोकायुक्त ने आय से अधिक संपत्ति मामले में जांच शुरू की है। कांग्रेस ने उन पर पद और प्रभाव का इस्तेमाल कर बेहिसाब संपत्ति अर्जित करने के आरोप लगाए थे और इसे लेकर 11 मई 2023 को लोकायुक्त को शिकायत की थी। मंत्री भूपेंद्र सिंह ने कांग्रेस के आरोपों को तथ्यहीन बताया। उन्होंने कहा कि वे इस मामले में मानहानि का केस करेंगे।
कांग्रेस नेताओं की शिकायत पर लोकायुक्त ने पंजी क्रमांक 572/सी/2023-24, जांच क्रमांक 0035/ई/ 2023-24 दिनांक 30.05.2023 में पुलिस महानिदेशक लोकायुक्त को 8 अगस्त 2023 तक जांच रिपोर्ट मांगी है। मध्यप्रदेश कांग्रेस के उपाध्यक्ष जेपी धनोपिया और कांग्रेस आरटीआई प्रकोष्ठ के अध्यक्ष पुनीत टंडन ने 30 मई को भोपाल स्थिति प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस की। जिसमें उन्होंने मंत्री भूपेंद्र सिंह और उनके परिवार पर 2008 से 2018 के बीच बेहिसाब संपत्ति एकत्रित करने के आरोप लगाए थे। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया था कि साल 2018 के बाद भी मंत्री भूपेंद्र सिंह, उनके परिवार और रिश्तेदारों ने आय से अधिक संपत्ति एकत्रित की।

कांग्रेस ने 2008 के विधानसभा चुनाव, 2009 के लोकसभा चुनाव, 2013 के विधानसभा चुनाव और 2018 विधानसभा चुनाव के दौरान भूपेंद्र सिंह के चुनाव आयोग को दिए शपथ पत्रों की जानकारी दी। साथ साल 2013 और 2020 में प्रकाशित एडीआर रिपोर्ट्स को भी अपने आरोपों का आधार बनाया।

मंत्री भूपेंद्र सिंह बोले- मानहानि का केस करूंगा
नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्री भूपेंद्र सिंह ने कहा कि मेरी चल-अचल संपत्ति पैतृक और घोषित है। कांग्रेस ने तथ्यहीन आरोप लगाए हैं। पैतृक भूमि पर बैंकों से लोन लेकर बनाई गई संपत्ति को लेकर कांग्रेस भ्रमित कर रही है। उनके खिलाफ मानहानि का केस दर्ज कराएंगे।
मंत्री भूपेंद्र सिंह ने कहा कि पैतृक संपत्ति को भी कांग्रेस नेताओं ने स्वअर्जित बताते हुए झूठे आरोप लगाए हैं। हकीकत यह है कि मेरे स्वर्गीय पिताजी के पास 12 गांव की मालगुजारी थी। परिवार के पास पीढ़ियों से करीब 1200 एकड़ जमीन है। इनमें से अधिकांश क्षेत्र सागर शहर से लगे है। शहरी क्षेत्र बढ़ने से इन जमीनों की कीमत भी बढ़ गई। अब इन जमीनों का आकलन बढ़ गया, तो मैं या परिवार दोषी कहां से हो गया।

भूपेंद्र सिंह ने कहा कि मेरे हर साल दिए जाने वाले आयकर रिटर्न और चुनावों के समय दिए गए घोषणा पत्रों के आधार पर ही कांग्रेस ने संपत्ति का आकलन किया है। उसकी वर्तमान कीमत बताते हुए मात्र उद्देश्यों को पूरा किया है। होटल का निर्माण साल 2002 में किया गया था, जो कि पैतृक भूमि पर बनाई गई है। होटल, आवास, दूध डेयरी के निर्माण के लिए समय-समय पर 42 करोड़ 45 लाख 86 हजार रुपए का लोन वि?भिन्न बैंकों से लिया है। कांग्रेस नेताओं ने यह आरोप लगाए हैं कि होटल, डेयरी और निवास की जमीन को मैंने खरीदकर वर्तमान बाजार मूल्य पर वर्ग फीट की दर से आकलन किया है, जो निराधार हैं। ये सभी पैतृक भूमि पर बने हैं।