थाने पहुंच लड़की पुलिस से बोली मुझे गोली लगी है, घटना में छुपे हैं कई राज

इंदौर। आजाद नगर थाने पर एक लड़की पहुंची और एक लड़के के द्वारा उसे गोली मारने की जानकारी पुलिस को दी। लड़की के पैर में चोट है। फिलहाल, पूरी घटना रहस्यमयी है। पुलिस ने तत्काल उसे उपचार के लिए एमवाय अस्पताल भेजा।
घटना आजाद नगर के मदीना गेट की है। आजाद नगर थाना प्रभारी इंद्रेश त्रिपाठी के अनुसार लड़की ने नाम अलीशा निवासी ग्रीन पार्क चंदन नगर बताया है। लड़की का कहना है कि क्षेत्र के आशु बाबा ने उसे गोली मारी है। जबकि आशु की मां का कहना है कि लड़की दो लड़कों को लेकर आई थी। आशु से लड़की का रुपए के लेन-देन का पुराना कोई विवाद था। लड़की का कहना है कि आशु ने गोली चलाई है, वहीं कुछ लोग बोल रहे हैं कि लड़की ने खुद गोली मारी है। मेडिकल के लिए लड़की को एमवाय भेजा गया है। गोली लगी भी है या नहीं, अगर लगी है तो खुद से मारी गई है या दूर से मारी गई है, ये अभी स्पष्ट नहीं है। मेडिकल के बाद ही सब कुछ साफ होगा। लड़की की पुरानी रंजिश क्या है, कौन दो लड़के लड़की के साथ आए थे। उनके बारे में डिटेल टीम पता कर रही है। ये पता चला है कि लड़की का आशु के घर आना-जाना है। लड़का भी इसके घर जाता है। पिस्टल अभी नहीं मिली है। लड़की ने जो पता बताया है वहां रहती भी है या नहीं इसकी तस्दीक कर रहे हैं। लड़के के घर वाले कह रहे है कि लड़की नशा करती है लेकिन इस बारे में अभी कुछ भी नहीं कह सकते।