March 28, 2024

उज्जैन। बीती रात नागदा रोड लालघाटी पर 2 बाइक पर सवार चार ग्रामीणों को रफ्तार से दौड़ते चार पहिया वाहन ने कुचल दिया। दुर्घटना में एक की मौके और दूसरे की अस्पताल में मौत हो गई। एक गंभीर घायल है।
उन्हेल थाना पुलिस ने बताया कि रात 12 बजे के लगभग लालघाटी पर हुई दुर्घटना में 2 बाइक पर सवार चार ग्रामीणों के घायल होने की खबर मिलने पर पुलिस और एम्बुलेंस पहुंची थी। एक की मौत हो चुकी थी, 2 गंभीर घायल थे, एक को मामूली चोंट थी। घायलों को उपचार के लिये जिला अस्पताल भेजा गया। जानकारी जुटाने पर सामने आया कि मृतक ग्राम कोकरी का रहने वाला जितेन्द्र पिता माणकलाल भील 28 वर्ष है। गंभीर घायल मोहनलाल और करणसिंह भील है। उनके साथ चौथा साथी भी गांव का ही रहने वाला है। रात में परिजनों को सूचना दी गई। सुबह सामने आया कि उपचार के लिये उज्जैन भेजे गये 2 गंभीर घायलों में से मोहनलाल की मौत हो चुकी है। करणसिंह की हालत चिंताजनक है। परिजनों से पूछताछ करने पर सामने आया कि जितेन्द्र का ट्रेक्टर इंगोरिया चौपाटी के पास खराब हो गया था, चारों 2 बाइक पर सवार होकर इंगोरिया चौपाटी जा रही थे। उसी दौरान सड़क दुर्घटना हुई है। उन्हेल थाना प्रभारी आशोक शर्मा ने बताया कि बालाराम भील ग्राम कोकरी की शिकायत पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ धारा 279, 337, 304 ए का मामला दर्ज कर मृतकों के मामले में मर्ग कायम किया गया है।