April 19, 2024

 

फडणवीस होंगे मुख्यमंत्री, शिंदे डिप्टी सीएम!

मुंबई। क्या महाराष्ट्र में एक बार फिर बड़ा सियासी उथल-पुथल होने जा रहा है? क्या एक बार फिर महाराष्ट्र का मुख्यमंत्री बदलने वाला है? महाराष्ट्र में इन सवालों को लेकर जबरदस्त चर्चा है। शिवसेना पार्टी के मुखपत्र ‘सामना’ में भी इस बारे में खुलकर लिखा गया है।
‘सामना’ में लिखा गया है कि एकनाथ शिंदे की कुर्सी जल्द छिनने वाली है। उनकी जगह किसी और रबर स्टाम्प सीएम को बैठाया जाएगा। भाजपा मीठी-मीठी बातें कर रही है और पर्दे के पीछे दूसरा खेल रच रही है।
इस पर ‘सामना’ के कार्यकारी संपादक और शिवसेना (यूबीटी) के सांसद संजय राउत ने कहा- मुख्यमंत्री शिंदे सतारा में छुट्टी मनाने गए हैं। वे अपनी छुट्टियां बढ़ा लेंगे।
बकौल राउत- शिंदे सोचते हैं कि वह गरीबों के ‘मसीहा’ हैं, लेकिन वह हेलीकॉप्टर से तीन दिन की छुट्टी पर गए हैं।

क्या नागपुर में होगी अमित शाह के साथ शिंदे-फडणवीस की मुलाकात

एक चर्चा यह भी है कि नागपुर में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के साथ एकनाथ शिंदे और देवेंद्र फडणवीस की मुलाकात होगी। यहां तक कहा जा रहा है कि इस बैठक में शिंदे और फडणवीस की भूमिकाएं बदलने पर बात होगी। मतलब हो सकता है कि फडणवीस फिर से सीएम बने और शिंदे डिप्टी सीएम के रूप में।

एनसीपी भी चर्चा के केंद्र में

महाराष्ट्र में सियासी समीकरण बदलने की हवा के पीछे एनसीपी भी है। शरद पवार और अजित पवार के हालिया बयानों को शक की नजर से देखा जा रहा है। शरद पवार ने दो दिन पहले ही कहा था कि आज हम महाविकास अघाड़ी के साथ हैं, लेकिन कल क्या होगा, क्या पता?
महाराष्ट्र में बागी विधायकों की अयोग्यता पर इसी हफ्ते सुप्रीम कोर्ट का फैसला आना है। यदि सुप्रीम कोर्ट शिंदे गुट को अयोग्य करार देता है तो सियासी उथल-पुथल तय है।