महाराष्ट्र भूषण अवॉर्ड समारोह में 11 लोगों की लू लगने से मौत

24 लोगों का इलाज जारी, चिलचिलाती धूप में कई लोगों की तबीयत बिगड़ी, चक्कर आए

ब्रह्मास्त्र मुंबई

महाराष्ट्र के नवी मुंबई में रविवार को महाराष्ट्र भूषण इवेंट में हीटस्ट्रोक के चलते 11 लोगों की मौत हो गई। 24 लोगों का अस्पताल में इलाज चल रहा है। मरने वालों में 8 महिलाएं हैं, इनमें ज्यादातर बुजुर्ग हैं। नवी मुंबई के खारघर के डेढ़ सौ एकड़ के एक बड़े मैदान में सुबह 11.30 बजे से 1 बजे तक यह कार्यक्रम चला। इस दौरान दिन का अधिकतम तापमान 38 डिग्री था।
इस इवेंट में गृहमंत्री अमित शाह ने समाजसेवी दत्तात्रेय नारायण को अवॉर्ड दिया। इवेंट में 7 लाख प्रशंसक शामिल हुए थे। सभी लोग कार्यक्रम देख और सुन सकें, इसके लिए मैदान में आॅडियो और वीडियो फैसिलिटी का पूरा प्रबंध किया गया था, लेकिन लोगों के बैठने के लिए जो व्यवस्था की गई थी, उसके ऊपर कोई शेड नहीं लगाया गया था। इवेंट में धूप और गर्मी से कई लोगों की तबीयत खराब हो गई।
कार्यक्रम में लाखों लोग पहुंचे थे। कार्यक्रम को सुबह 10.30 बजे खत्म होना था, लेकिन दोपहर एक बजे तक चला। उसके बाद भीड़ में लोगों को निकालने में समय लगा। डिहाइड्रेशन की वजह से कई लोगों को चक्कर आने लगे और तबीयत बिगड़ गई।