पाकिस्तान के कराची में गरीबों को फ्री राशन बांटने के दौरान हादसा, 12 की मौत

ब्रह्मास्त्र कराची

पाकिस्तान के कराची में शुक्रवार 31 मार्च को भगदड़ में 12 लोगों की मौत हो गई। घटना एक फैक्ट्री के परिसर में हुई। यहां गरीबों के लिए रमजान के दौरान खाने का सामान और दूसरी चीजें बांटी जा रहीं थीं। मारे गए लोगों में 8 महिलाएं और 3 बच्चे शामिल हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक मौके पर पुलिस भी मौजूद थी, लेकिन भगदड़ मचते ही भाग गई। चश्मदीदों ने बताया है कि फ्री राशन लेने के लिए बड़ी तादाद में लोग जुट गए थे। बांटे जाना वाला सामान कम था और भीड़ बहुत ज्यादा हो चुकी थी। इसलिए लोग जल्दी से जल्दी सामान लेना चाहते थे। इसी जद्दोजहद के दौरान भगदड़ मच गई। धक्का मुक्की के दौरान एक बिजली का तार टूटकर लोगों पर गिर गया।
कुछ लोगों की करंट लगने से मौत हो गई। कराची के अब्बासी हॉस्पिटल में 9 शव लाए जा चुके हैं। 29 लोग गंभीर रूप से घायल हैं। मरने वालों का आंकड़ा बढ़ने की आशंका है।