ईद पर हुई नमाज : अमन चैन की मांगी दुआ, बकरे की दी कुर्बानी

उज्जैन। मुस्लिम समाज ने आज उज्जैन, इंदौर, भोपाल सहित देशभर में ईदजुहा त्योहार पर सुबह कोरोना गाइडलाइन का पालन करते हुए ईदगाह तथा विभिन्न मस्जिदों में ईद की नमाज अदा की। त्योहार बहुत ही हर्ष व उत्साह से मनाया जा रहा है। कई मुसलमानों ने अपने घर पर ही नमाज पढ़ी। उज्जैन में ईदगाह पर बहुत ही शांतिपूर्ण ढंग से नमाज अदा की गई। मुस्लिम समाज के सीमित संख्या में लोगों ने नमाज पढ़ी तथा एक दूसरे को ईद की मुबारकबाद दी। इस अवसर पर सभी ईदगाह तथा मस्जिदों पर पुलिस बल तैनात रहा। शहर काजी द्वारा नमाज अदा की गई तथा अमन चैन की दुआ मांगी गई।
मुस्लिम इल्म फेडरेशन उज्जैन के अध्यक्ष मुजीब सुपारीवाला ने प्रदेशवासियों को ईद की बधाई देते हुए कहा कि आज सुबह ही 7 बजे लोगों ने ईदगाह व मस्जिदों में नमाज अदा की। इसके बाद घर जाकर कुर्बानी दी। आज दिन भर लोगों का एक दूसरे के घर जाकर मुबारकबाद देने का सिलसिला चलता रहेगा। उन्होंने कहा कि ईद जुहा का असल मकसद कुर्बानी देना है। हम अपने मन की बुराइयों की कुर्बानी दें। भाईचारे से रहें।
ईदगाह पर 6 लोगों ने नमाज अदा की
मुस्लिम समाज आज बुधवार को ईद मना रहा है। कोरोना से सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए ईदगाह पर इस बार सामूहिक रूप से समाजजनों की नमाज नहीं हुई। प्रशासन ने कोरोना की गाइड लाइन अनुसार 6 लोगों को ईदगाह पर जाकर ईद की नमाज अदा करने की अनुमति दी थी। वहीं ईदगाह को छोड़कर मस्जिदों में अधिकतम 50 लोग ही जा सके। इसके अलावा समाजजन शासन-प्रशासन की गाइड लाइन का पालन करते हुए अपने घरों से ही ईद का त्योहार मना रहे है। सुबह नमाज अदा कर सभी ने खुदा की इबादत करेंगे। कुबार्नी भी घरों में ही दी गई। सभी एक-दूसरो को ईद की मुबारकबाद दे रहे है। मस्जिदों में सामूहिक रूप से अधिक संख्या में कहीं भी नमाज के लिए समाजजन को एकत्रित होने की अनुमति नहीं दी गई। भीड़ वाले कोई भी आयोजन नहीं किए जा रहे है। समाजजन अपने घरों में रहकर शांति व सद्भावना से ईद का त्योहार मना रहे है।