April 26, 2024

रात में ही व्यापमं के व्हिसल ब्लोअर आनंद राय के घर पहुंची रंजना बघेल; फेसबुक पोस्ट पर भड़कीं

मनावर (धार) व्यापमं घोटाले में व्हिसल ब्लोअर और इन्दौर के डॉ. आनंद राय ने बुधवार को अपने फेसबुक अकाउंट से 7 सेकंड का एक वीडियो पोस्ट किया है। इस पोस्ट पर उन्होंने लिखा कि भाजपा नेता और पूर्व मंत्री रंजना बघेल चुनाव में जयस का साथ देंगी। इस पोस्ट पर रंजना बघेल नाराज हो गई। उन्होंने गुस्से में वीडियो जारी कर कहा है कि आनंद राय को घर आकर जूते मारूंगी।
घर जाकर जूते मारने की चेतावनी के बाद पूर्व मंत्री रंजना बघेल बुधवार रात में ही इंदौर स्थित उनके घर पर पहुंच गई। यहां आनंद राय की पत्नी ने कहा कि वह घर पर नहीं हैं। आप बाद में आइए। इस पर रंजना बघेल ने कहा कि आप गेट खोलिए मुझे नम्रता से बात करनी है। मैंने अभी आपके पति आनंद राय को पीछे की ओर भागते हुए देखा है। उनसे कहिए कि फर्जी खबरें न चलाएं। आप उन्हें अच्छे से समझा दें। आनंद राय का घर 85 सम्पत हिल्स कनाडिया रोड पर है।
आनंद राय ने जो वीडियो पोस्ट किया है, इसमें रंजना बघेल जयस नेता और विधायक डॉ. हीरालाल अलावा को माला पहना रही हैं। उनके साथ भाजपा के नगर मंडल अध्यक्ष सचिन पांडे और बदनावर के सिंधिया गुट के नेता दिनेश ग्रेवाल भी दिख रहे हैं।
आनंद राय ने इस वीडियो को पोस्ट करते हुए लिखा- अगले चुनाव में कुक्षी-मनावर सीट पर साझा रणनीति बनी। रंजना बघेल जयस संगठन का साथ देंगी। मनावर भाजपा नगर मंडल अध्यक्ष सचिन पांडे भी साथ होंगे।

दो साल पुराना है वीडियाे : बघेल

यह पोस्ट सामने आने पर पूर्व विधायक रंजना बघेल ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने अपने फेसबुक अकाउंट पर वीडियो पोस्ट किया है। इसमें पूर्व विधायक बघेल ने कहा कि आनंद राय अपना भ्रामक पोस्ट हटाएं। यह वीडियो 2 साल पुराना है। जब यहां जनपद भवन व पुल का लोकार्पण हुआ था।