April 25, 2024

स्कूल-कॉलेज व सरकारी दफ्तर मंगल को खुले, बुध को छुट्‌टी

इंदौर। पूर्णिमा तिथि इस बार दो दिन होने से होलिका दहन शहर में दो दिन मनाया जा रहा है। शहर में ज्यादातर स्थानों पर होलिका दहन सोमवार को हुआ। होलिका सजाई गई। पूजन हुआ। इसके बाद प्रदोषकाल में दहन किया गया। राजबाड़ा पर सरकारी होली शाम करीब 6.30 बजे जली। बड़ी संख्या में लोगों ने होलिका की परिक्रमा की। इधर, खजराना गणेश मंदिर में आरती के बाद फूलों से होली खेली गई।
रणजीत हनुमान मंदिर में शाम को पूजन के बाद होलिका का दहन किया गया। मंगलवार को भी कई स्थानों पर होलिका दहन होगा। मंगलवार को सभी स्कूल, कॉलेज और सरकारी दफ्तर खुले रहेंगे। सरकारी छुट्टी बुधवार को होने से इस दिन धुलेंडी मनाई जाएगी। इधर, सोमवार शाम अचानक बारिश होने से होली भीग गई। इसे प्लास्टिक से ढंककर बचाया।

100 से ज्यादा स्थानों पर दहन

राजबाड़ा पर सरकारी होली के बाद शाम से लेकर देर रात तक शहरभर के अलग-अलग हिस्सों में होलिका का दहन किया गया। शाम को अचानक मौसम बदलने के कारण कई स्थानों पर होली को प्लास्टिक आदि ढंकना पड़ा। 100 से ज्यादा स्थानों पर होलिका दहन मंगलवार को रखा गया।