March 29, 2024

इंदौर/ भोपाल। पहले पांव-पांव वाले भैया, फिर भांजियों के मामा , फिर बुलडोजर मामा और अब आज अपने जन्मदिन पर लाड़ली बहना योजना लांच करके भाई बनने जा रहे हैं मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान। नर्मदा किनारे के एक छोटे से जैत गांव में किसान परिवार में जन्मे शिवराज सिंह अपना 64वां जन्मदिन मना रहे हैं। इसी अवसर पर ‘लाडली बहना’ का मास्टर स्ट्रोक खेल रहे हैं। जाहिर है सत्ता की 5वीं पारी के लिए नजर आधी आबादी पर है।
5 बार सांसद रह चुके शिवराज सिंह चौहान मध्यप्रदेश के चौथी बार के मुख्यमंत्री हैं। सबसे लंबे समय तक (करीब 16 साल) सूबे के मुखिया रहने का रिकॉर्ड इन्हीं के नाम है। 2005 में पहली बार मुख्यमंत्री बने तो फिर पीछे मुड़कर नहीं देखा। हालांकि, 2018 के चुनाव में सत्ता से बेदखल होना पड़ा, लेकिन कांग्रेस की आपसी कलह ने उन्हें 15 महीने के ब्रेक के बाद फिर से सत्ता के सिंहासन पर बैठने का मौका दे दिया। इसी साल विधानसभा चुनाव है। यदि सब कुछ ठीक-ठाक रहा तो शिवराज इस बार फिर राज संभाल सकते हैं।

लगातार मिल रही बधाई

प्रदेश और देश भर से मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को लगातार बधाइयां मिल रही है। सिर्फ भाजपा से ही नहीं बल्कि अन्य पार्टी के नेताओं ने भी उन्हें बधाइयां प्रेषित की है।