March 29, 2024

हजारों अभी भी मलबे में दबे, तुर्किये में एक महिला को 22 घंटे बाद जिंदा निकाला

ब्रह्मास्त्र अंकारा

तुर्किये और सीरिया में सोमवार को आए भूकंप ने तबाही मचा दी है। दोनों देशों में हजारों इमारतें ढह गईं, जिनके मलबे तले दबकर बड़ी संख्या में लोगों की जान गई।
तुर्किये और सीरिया में मंगलवार को फिर भूकंप के झटके महसूस किए गए। एक दिन पहले आए 3 बड़े झटकों के बाद दोनों देशों के कई शहर तबाह हो गए हैं। 24 घंटे बाद भी यहां लाशें मिलने का सिलसिला जारी है। अभी भी बड़ी-बड़ी बिल्डिंग्स के कई टन मलबे के नीचे जिंदगियां तलाशी जा रही हैं। बच्चे, बूढ़े, महिलाएं, जो मिल रहे हैं, उनकी हालात देख रेस्क्यू टीम के हाथ कांप रहे हैं। किसी के जिंदा होने की खबर मिलते ही उसे बचाने को कोशिशें और बैचेनी बढ़ जाती है।
तुर्किये के सानलिउर्फा प्रांत में ऐसा ही वाक्य देखने को मिला, जब एक महिला को 22 घंटे बाद जिंदा बाहर निकाला गया। रेस्क्यू टीम को ये महिला बेहोश हालात में मिली। उधर सीरिया के अलेप्पो में भी लोगों को बिल्डिंग्स की छतें काटकर निकाला जा रहा है। ऐसा मंजर दोनों देशों के कई शहरों में है।
तुर्किये और सीरिया में ये तबाही 3 बड़े भूकंपों के बाद आई। पहला तुर्किये के वक्त के मुताबिक, सोमवार सुबह करीब चार बजे (7.8), दूसरा करीब 10 बजे (7.6) और तीसरा दोपहर 3 बजे (6.0) आया। इसके अलावा 243 आफ्टर शॉक्स दर्ज किए गए। इनकी तीव्रता 4 से 5 रही।
दोनों देशों में 4,300 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है। तुर्किये में 2,921 लोगों की जान जा चुकी है और 15 हजार से ज्यादा लोगों के घायल होने की खबर है। वहीं, सीरिया में 1,444 लोग मारे गए और 2 हजार से ज्यादा जख्मी हैं।

तुर्किये के 10 प्रांतों में तबाही, तो सीरिया का अलेप्पो शहर तबाह
तुर्किये के 10 से ज्यादा प्रांतों में भारी तबाही हुई है। यहां 6,217 से ज्यादा इमारतें धराशायी हो गई हैं। सीरिया में भी भूकंप की वजह से ऐसे ही हालात हैं। यहां भूकंप प्रभावित कई इलाके बशर अल असाद की सरकार और विद्रोहियों के कब्जे में हैं, जिसकी वजह तबाही का सटीक आंकड़ा मिलना मुश्किल हो रहा है। सीरियाई सरकार की एजेंसी सना ने बताया है कि अलेप्पो शहर में कई ऐतिहासिक इमारतों को नुकसान पहुंचा है। वठ के प्रवक्ता के स्टीफन दुजारिक के मुताबिक नॉर्थ वेस्ट सीरिया में 224 इमारतें गिरी हैं और 325 को काफी नुकसान पहुंचा है।

2017 में आया था क्रॉस-बॉर्डर भूकंप
2017 में ईरान-इराक में क्रॉस-बॉर्डर भूकंप आया था। इराक के कुर्दिश शहर हलाबजा से इरान के कर्मानशाह प्रांत में झटके महसूस किए गए थे। इसमें 630 लोगों की मौत हुई थी। 8 हजार से ज्यादा लोग घायल हुए थे।