भोपाल में 15 साल में सबसे सर्द संक्रांति की सुबह

इंदौर में सीजन का तीसरा कोल्ड-डे
ग्वालियर में शीतलहर कई जगह खेतों में बर्फ जमी

ब्रह्मास्त्र भोपाल

पहाड़ों से आ रही बर्फीली हवाओं ने मध्यप्रदेश में ठंड का सितम बढ़ा दिया है। भोपाल और इंदौर में रविवार को कोल्ड डे रहा। इस दौरान राजधानी भोपाल के अलावा ग्वालियर, रायसेन, राजगढ़, गुना समेत प्रदेश के 8 जिलों में न्यूनतम तापमान 7 डिग्री या इससे नीचे आ चुका है। इंदौर समेत 20 जिलों में न्यूनतम पारा 10 डिग्री या इससे कम है। अगले दो से तीन दिन मौसम इसी तरह सर्द रहने वाला है।

उत्तर में बर्फबारी और बारिश वजह
तीन दिन मिली राहत के बाद जनवरी में ठंड का एक और दौर आया है। दरअसल, उत्तर भारत में पहुंचा वेस्टर्न डिस्टर्बेंस वहां से गुजर चुका है। इस कारण पहाड़ों पर बर्फबारी हुई है। जम्मू-कश्मीर में तो इस सीजन की पहली तेज बर्फबारी और बारिश हुई। वहां बर्फ पिघलने के बाद मध्यप्रदेश में बफीर्ली हवा आई। अब हमारे यहां हवा का रुख बदलकर उत्तर-पश्चिमी हो गया। इसके असर से ही ठंड बढ़ रही है। प्रदेश के पूर्वी इलाकों ग्वालियर, चंबल, छतरपुर और खजुराहो में कहीं-कहीं घना कोहरा रह सकता है। सीवियर कोल्ड वेव और कोल्ड डे हो सकता है। 17 और 18 को भी तापमान कम रहेगा।
20 जनवरी से बादल छाएंगे
मध्यप्रदेश में 20 जनवरी से बादल छाने लगेंगे। सबसे ज्यादा छतरपुर और जबलपुर में बादल छाएंगे। भोपाल-इंदौर में इस दौरान दिन का तापमान 20 डिग्री सेल्सियस से नीचे रह सकता है। प्रदेश के अधिकांश इलाकों में बादल छाने से दिन का पारा गिरेगा, जबकि रात का पारा चढ़ जाएगा। 22 और 23 जनवरी को भी घने बादल छाएंगे। ग्वालियर में 5 दिन बाद फिर से रात का पारा 5 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच गया। इससे 24 घंटे के दौरान न्यूनतम तापमान में 7.1 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई है।

भोपाल में 15 साल में सबसे सर्द मकर संक्रांति की सुबह
भोपाल में रविवार को न्यूनतम तापमान 1.4 डिग्री और लुढ़ककर 7 डिग्री पर पहुंच गया। यह सामान्य से 4 डिग्री कम रहा। 15 साल में मकर संक्रांति की यह सबसे सर्द सुबह रही। शनिवार को न्यूनतम तापमान 8.4 डिग्री था। पिछले 48 घंटे में इसमें 6 डिग्री की गिरावट हुई। मौसम विशेषज्ञ एके शुक्ला ने बताया कि 15 साल में 2010, 2012 और 2019 में मकर संक्रांति पर न्यूनतम पारा 7.4 डिग्री दर्ज हुआ था। पिछले साल इस त्योहार पर न्यूनतम तापमान 9.7 डिग्री दर्ज किया गया था।
इंदौर में दशक में पहली बार जनवरी इतना ठंडा
इंदौर में रविवार इस सीजन का तीसरा कोल्ड डे बनकर आया। पारा 20.6 डिग्री रहा, जो सामान्य से 6 डिग्री कम था। इसके पहले 5 और 6 जनवरी को कोल्ड डे रहा था। अधिकतम तापमान क्रमश: 19.2 और 19.4 डिग्री रिकॉर्ड हुआ था। रात का तापमान 7.3 और 8.4 डिग्री रिकॉर्ड हुआ था। पिछले एक दशक में जनवरी में न्यूनतम तापमान में गिरावट 15 जनवरी के बाद हुई है। इस बार जनवरी के शुरूआती 15 दिन में तीन कोल्ड-डे घोषित हो चुके हैं। न्यूनतम तापमान भी 7 से 10 डिग्री तक 5 बार रिकॉर्ड हो चुका है।