March 28, 2024

उज्जैन। शहर में नशा करने वालों को मादक पदार्थ स्मैक की सप्लाई करने वालों के खिलाफ पुलिस लगातार अभियान चला रही है। एक बार फिर 7 लाख कीमत की 84.50 ग्राम स्मैक के साथ 3 को हिरासत में लिया गया है। जिसमें एक महिला और किशोरी भी शामिल है।
एसपी सत्येंद्र कुमार शुक्ल ने बताया कि जिले में मादक पदार्थ का कारोबार करने वालों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में गुरुवार-शुक्रवार रात नीलगंगा थाना पुलिस ने सांवराखेड़ी स्थित पंचमुखी हनुमान मंदिर के पास से मुखबिर की सूचना पर एक महिला और किशोरी को हिरासत में लिया था। जिनके पास से 60 ग्राम स्मैक बरामद की गई है। ऐसी ही सूचना जीवाजीगंज थाना पुलिस को मिली थी। हाथी का टेकरा क्षेत्र में रहने वाले युवक को वाल्मिकीधाम कब्रिस्तान के पास से पकड़ा गया। उसके पास से 24.50 ग्राम स्मैक बरामद हुई है। तीन आरोपियों के पास से बरामद मादक पदार्थ की कीमत 7 लाख रुपए होना सामने आई है। जिनके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट का प्रकरण दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया है। इससे पहले बुधवार रात को चिमनगंज थाना पुलिस ने कानीपुरा मार्ग से दो युवकों को गिरफ्तार कर 48.86 ग्राम स्मैक बरामद की थी। जिसकी कीमत 1.46 लाख रुपए होना सामने आई थी। 2 दिन में 133.36 ग्राम स्मैक बरामद की जा चुकी है। अब तक हिरासत में आए आरोपियों से कुछ सुराग भी मिले हैं संभवत: आगामी दिनों में आरोपियों की संख्या बढ़ सकती है।