April 27, 2024

 

तीसरे स्थान के लिए क्रोएशिया से भिड़ेगी मोरक्को की टीम

ब्रह्मास्त्र दोहा

फीफा वर्ल्ड कप 2022 का फाइनल मुकाबला रविवार (18 दिसंबर) को लुसैल स्टेडियम में खेला जाएगा। वहीं 17 दिसंबर को खलीफा इंटरनेशनल स्टेडियम में क्रोएशिया और मोरक्को के बीच तीसरे स्थान के लिए जंग होगी। क्रोएशिया को पहले सेमीफाइनल में अर्जेंटीना के हाथों 3-0 से हार का सामना करना पड़ा था। वहीं दूसरे सेमीफाइनल में फ्रांस ने मोरक्को को 2-0 से हराया था। इस टूनार्मेंट में क्रोएशिया और मोरक्को की टीमें दूसरी बार आमने-सामने होंगी। तो आइए आपको बताते हैं कब और कहां देख सकते हैं लाइव और दोनों टीमों के हेड टू हेड रिकॉर्ड। इस वर्ल्ड कप में यह दूसरी बार होगा जब क्रोएशिया और मोरक्को की टीमें आमने-सामने होंगी। इससे पहले ग्रुप स्टेज में दोनों टीमों के बीच हुआ मुकाबला ड्रॉ रहा था। वहीं दोनों टीमों के हेड टू हेड रिकॉर्ड बात करें तो अफ्रीकन टीमों के खिलाफ फीफा वर्ल्ड कप में क्रोएशिया का दमदार रिकॉर्ड है। इससे पहले विश्व कप के तीन मैचों में उसके खिलाफ कोई भी अफ्रीकी टीम गोल नहीं कर सकी है। साल 2014 में क्रोएशिया ने कैमरून को 4-0 और 2018 में नाइजीरिया को 2-0 से हराया था। जबकि इस साल उसने मोरक्को के खिलाफ ड्रॉ खेला। ऐसे में क्रोएशिया के सामने मोरक्को की राह आसान नहीं होगी।