April 25, 2024

उज्जैन। मौसम ने मंगलवार को ठंड का अहसास कर दिया। दिन के तापमान में 9.5 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई है। सुबह धुंध के बीच हुई, दिनभर बादल छाए रहे और दोपहर में बूंदाबांदी के बाद शाम ठिठुरन भरी हो गई थी।
पिछले दो सप्ताह से गुलाबी ठंड बनी हुई थी, तापमान में उतार-चढ़ाव दर्ज किया जा रहा था। लेकिन बंगाल की खाड़ी से उठे मेंडूस तूफान के बाद सोमवार को मौसम में बदलवा दिखाई दिया। आसमान में बादल छाने लगे थे, मंगलवार सुबह धुंध के साये में हुई। मौसम विभाग ने मावठे की बूंदाबांदी का अनुमान पहले ही जता दिया था, जो दोपहर में सही साबित हो गया। दिनभर सूरज बादलों में छुपा रहा। 2 किलोमीटर की रफ्तार से चल रही हवा शाम को 8 से 10 किलोमीटर प्रतिघंटे की हो गई थी। मौसम का मिजाज बदल चुका था, शहरवासी गरम कपड़ो में नजर आने लगे थे। ठिठुरन महसूस होने लगी थी। जीवाजीराव वेधशाला अधीक्षक डॉ. राजेन्द्र कुमार गुप्त ने बताया कि सोमवार को अधिकतम तापमान 31.5 डिग्री और न्यूनतम 19 डिग्री पहुंच गया था। मौसम बदलने के बाद मंगलवार को दिन का तापमान 9.5 डिग्री की गिरावट के साथ 22 दर्ज किया गया है। दिन-रात के बीच 3 डिग्री का अंतर रह गया था। बादलों की वजह से रात का तापमान कम नहीं होगा, लेकिन गुरूवार तक आसमान साफ होते ही तापमान में कमी आना और ठंड बढ़ना शुरू हो जाएगी। पहाड़ी इलाको में हो रही बर्फबारी से दिसंबर का अंतिम सप्ताह कड़ाके की ठंड के बीच गुजर सकता है। शीतलहर चलने की संभावना बनी हुई है।