भारत जोड़ो यात्रा सभास्थल पर होंगे तीन श्रेणी के मंच

उज्जैन। चलना है-लड़ना है, देश बदलना है। नफरत छोड़ो भारत जोड़ो। मिले कदम जुड़े वतन जैसे स्लोगन के साथ राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा 29 नवंबर को बाबा महाकाल की नगरी में पहुंच रही है। 24 घंटे उज्जैन में यात्रा का ठहराव होगा। इस दौरान प्रदेश की सबसे बड़ी सभा को राहुल सामाजिक न्याय परिसर में संबोधित करेंगे। सभा को लेकर तीन श्रेणी के मंच तैयार किये गये है।
राष्ट्रीय कांग्रेस अध्यक्ष पद का त्याग कर चुके कांग्रेस सांसद राहुल गांधी 7 सितंबर को कन्याकुमारी से श्रीनगर तक 3,570 किलोमीटर तक की भारत जोड़ो यात्रा पर निकले हैं। राहुल गांधी 12 राज्यों के साथ 2 केन्द्र शासित प्रदेशों तक पहुंचेगें। 23 नवम्बर को यात्रा ने मध्यप्रदेश में प्रवेश किया है। 29 नवंबर को यात्रा धार्मिक नगरी उज्जैन पहुंच रही है। सुबह 10 बजे राहुल की यात्रा का पहला पड़ाव निनोरा में कांग्रेस नेता के स्कूल पर होगा। सुबह का चाय नाश्ता करने के बाद राहुल यात्रा पर निकलेंगे। सबसे पहले राहुल महाकाल मंदिर पहुंचेंगे जहां बाबा के दर्शन के बाद सामाजिक न्याय परिसर में होने वाली जनसभा को संबोधित करने के लिए रवाना होंगे। सभा स्थल पर 16000 स्वेक्यर फीट में तीन मंच बनाए जा रहे हैं। पहले मंच पर भारत जोड़ो यात्रा की टीम मौजूद रहेगी। दूसरे पर राहुल गांधी और दिल्ली भोपाल से आए कांग्रेस के नेता विराजमान होंगे। तीसरा मंच स्थानीय नेताओं के लिए बनाया गया है। सभास्थल पर 40 से 45 हजार कुर्सियां लगाई जाएंगी। राहुल अपनी यात्रा के दौरान इंदौर रोड तपोभूमि स्थित जैन समाज के संत का आशीर्वाद लेने पहुंचेंगे। वही उमेश नाथ महाराज से भी मुलाकात करेंगे। आमजन से जनसंवाद भी होगा। कांग्रेसी नेताओं द्वारा महाकाल मंदिर के साथ ही राहुल को शाम के समय होने वाली शिप्रा आरती में भी शामिल करने की रूपरेखा तैयार की जा रही है। राहुल की यात्रा का दूसरा पड़ाव ग्राम सुरासा आरडी गार्डी मेडिकल कॉलेज के सामने गुरु सांदीपनि कॉलेज होगा। जहां रात्रि भोजन और जनसंवाद होगा। दूसरे दिन यात्रा घटिया विधानसभा की ओर रवाना होगी।