April 19, 2024

बिना पैसे दिए गुटखा लेकर भागा युवक, दुकानदार ने मौत होने तक पीटा

ब्रह्मास्त्र ग्वालियर

ग्वालियर में 5 रुपए के गुटखा के लिए युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। युवक गुटखा के पैसे दिए बिना भाग रहा था। पान दुकान संचालक और उसके दो बेटों ने उसके पकड़कर लोहे के सरिए से मौत होने तक पीटा। लहूलुहान हालत में छोड़कर भाग गए। वारदात ललितपुर कॉलोनी में शुक्रवार दोपहर की है। पुलिस ने शव को निगरानी में लेकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने आरोपी पिता-पुत्र को गिरफ्तार कर लिया है। मृतक की बहन की मौत 11 दिन पहले ही हुई है। बीमारी के चलते बहन की मौत हुई थी।

कंपू थाना क्षेत्र के ललितपुर कॉलोनी के रहने वाले सुभाष उर्फ मटका उर्फ संजय शाक्य (26) नशे का आदी था। उसे गुटखा खाने की लत थी। कॉलोनी में ही करन सिंह की दुकान है। दोपहर करीब 3 बजे मटका आया। दुकान से 5 रुपए का गुटखा पाउच लिया। करन ने पैसे मांगे, तो वह गाली-गलौज कर धमकाने लगा और भाग गया। इस बीच, करन ने बेटे सचिन उर्फ संजय को आवाज लगाकर बुलाया। सचिन लोहे का सरिया लेकर दौड़ता हुआ आया। मटका उर्फ संजय को पकड़कर सड़क पर ही बेरहमी से पीटना शुरू कर दिया। दोनों ने लात-घूंसों व लोहे के सरिए जमकर पीटा। हमलावर लहूलुहान हालत में उसे बेहोश समझकर भाग गए।