April 20, 2024

इंदौर। मध्यप्रदेश में एक बार फिर बारिश होने के आसार हैं। बारिश के 2 नए सिस्टम बन रहे हैं, जो ग्वालियर-चंबल के साथ ही भोपाल-इंदौर में भी बारिश करा सकते हैं। मौसम बदलने से दिन के तापमान भी गिरावट भी आई है।

प्रदेश के कुछ जिलों में अगले हफ्ते तक बारिश हो सकती है। मौसम वैज्ञानिक अशफाक हुसैन के मुताबिक, अभी बारिश के 2 सिस्टम बन रहे हैं। हिमालय से ठंडी हवाएं आने के कारण तापमान में गिरावट हुई है। दिन और रात के तापमान में मामूली गिरावट अगले एक सप्ताह तक इसी तरह रहेगी।
ग्वालियर में आधा इंच तक बारिश हो सकती है। इंदौर और भोपाल तक बादल छा सकते हैं। दो दिन तक तापमान में हल्की बढ़ोतरी होगी, उसके बाद फिर तापमान में गिरावट होगी।

मध्यप्रदेश में ठंड अपना हल्का असर दिखाने लगी है। प्रदेश में मानसून के बाद पहली बार दिन का पारा अधिकांश इलाकों में 30 डिग्री के नीचे आ गया। दिन का सबसे कम तापमान सिवनी में 21 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। यह सामान्य से 7.6 डिग्री से कम रहा। सबसे ज्यादा अधिकतम तापमान नौगांव में 33 डिग्री, उज्जैन, राजगढ़, रतलाम, खरगोन, खंडवा, गुना और धार में 31 से 32 डिग्री के बीच रहा। इसके अलावा प्रदेशभर में दिन का तापमान 30 डिग्री के नीचे रहा। रात का पारा सबसे कम पचमढ़ी और मंडला में 11 डिग्री के नीचे तक चला गया।