April 27, 2024

ब्रह्मास्त्र औरंगाबाद

बिहार के औरंगाबाद में छठ का प्रसाद बनाते हुए रसोई गैस के सिलेंडर में ब्लास्ट होने से कम से कम 30 लोग झुलस गए। बताया जा रहा है कि सिलेंडर में ब्लास्ट होने के बाद आग लगने की सूचना पर पहुंची पुलिस की टीम के 7 जवान भी आग बुझाने के दौरान झुलस गए।
बताया जा रहा है कि हादसा इतना भयावह था कि हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सभी घायलों को तुरंत सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इनका इलाज चल रहा है। फिलहाल, घायलों की स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार औरंगाबाद के शाहगंज मोहल्ले में अनिल गोस्वामी के घर महिलाएं छठ का प्रसाद बना रही थीं। तभी सिलेंडर से गैस रिसाव के कारण घर में आग लग गई। आग लगने की खबर मिलते ही आस-पड़ोस के लोग भी आग बुझाने पहुंच गए। इसी बीच सूचना पाकर नगर थाना की पुलिस की गश्ती टीम भी वहां पहुंच गई और पुलिस कर्मी आग बुझाने का प्रयास करने लगे। मगर इसी दौरान सिलिंडर ब्लास्ट कर गया, जिसकी चपेट में 7 पुलिस वाले समेत कुल लगभग 25 लोग आ गये और झुलस गए। फिलहाल घायलों का सदर अस्पताल में इलाज चल रहा है। हालांकि इनमें से 10 लोगों की गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए रेफर किया गया है।