April 18, 2024

प्रदेश में सबसे अधिक इलेक्ट्रिक कारें और स्कूटर इंदौर में पंजीकृत, 10 कारें और 100 से ज्यादा दोपहिया इलेक्ट्रिक वाहन बिके

इंदौर। शहर में इलेक्ट्रिक वाहनों को लेकर लोगों की रुचि बढ़ती जा रही है। बुधवार को गणेश चतुर्थी के अवसर पर बिके वाहनों में भी लगभग 10 कारें और 100 दोपहिया इलेक्ट्रिक वाहन बिके हैं। पूरे प्रदेश में इंदौर इलेक्ट्रिक वाहनों को पसंद करने वाला पहला जिला है। प्रदेश में सबसे अधिक 8013 इलेक्ट्रिक वाहन इंदौर आरटीओ में पंजीकृत हैं। गणेश चतुर्थी पर इंदौर में दो करोड़ की इलेक्ट्रिक कार की डिलिवरी दी गई, जिसे शहर के युवा उद्योगपति दुर्गेश अग्रवाल ने खरीदी है।
जानकारी के अनुसार बुधवार को शहर में करीब 700 कारें और 2000 दोपहिया वाहन बिके हैं। इन वाहनों में भी इलेक्ट्रिक वाहनों की संख्या अच्छी खासी है। लोग अब इन वाहनों के प्रति जागरूक हो रहे हैं। बिना प्रदूषण और कम खर्च पर वाहनों के चलने और वाहन निर्माता कंपनियों द्वारा नए माडल लाने पर लोग इसकी तरफ आकर्षित हो रहे हैं। एआरटीओ अर्चना मिश्रा ने बताया कि इलेक्ट्रिक वाहनों के पंजीयन पर सरकार ने टैक्स में छूट भी दी है। इस कारण भी लोगों में उत्साह बढ़ रहा है। आने वाले समय में इनकी ब्रिकी और बढ़ेगी।