March 29, 2024

उज्जैन। घर से निकला युवक रातभर नहीं लौटा। शनिवार सुबह उसका शव चिंतामण ब्रिज पर पड़ा मिला। सूचना पर भाई पहुंचा और शिनाख्त की। युवक ने सुसाइडनोट लिखा था। जिसमें कर्ज होने और परिवार को खुश रहने की बात लिखी थी। बड़नगर मार्ग से चिंतामण की ओर जाने वाले ब्रिज पर सुबह एक युवक की लाश पड़ी होने की खबर मिलने पर चिंतामण और महाकाल थाना पुलिस मौके पर पहुंची थी। घटनास्थल महाकाल थाना क्षेत्र का होने पर पुलिस ने शव बरामद किया और जांच शुरू कर पहचान के प्रयास किये। मृतक के पास आधार कार्ड मिला। वहीं दस्तावेजों के बीच सुसाइडनोट रखा हुआ था, जो पांच पन्नों का था। पुलिस परिजनों को सूचना दी, भाई प्रवीण मेहता मौके पर पहुंचा और बताया कि शव उसके भाई ललित पिता अशोक मेहता 42 वर्ष निवासी ढांचा भवन का है। ललित परिवार से अलग 2 बच्चों और पत्नी के साथ रहता था। कुछ दिनों से पत्नी बच्चे मायके रक्षाबंधन का पर्व मनाने के लिये गये हुए है। ललित शुक्रवार सुबह घर से निकला था, जिसके बाद नहीं लौटा था। पुलिस ने पहचान होने पर मामले में मर्ग कायम किया और पोस्टमार्टम के लिये जिला अस्पताल पहुंचाया।