22 राज्यों में भारी बारिश : कुल्लू में बादल फटा, नाले में बाढ़ से कई लोग बहे

ब्रह्मास्त्र नई दिल्ली/मुंबई
पूरे देश में मानसून आ गया है। ज्यादातर हिस्सों में बारिश जारी है। अगले चार दिन भी भारी बारिश का अनुमान है। इसके चलते पहाड़ों से लेकर तटीय इलाकों तक मुसीबतों का अंबार लग गया है। कुल्लू में बादल फटने से नाला उफान पर आ गया। कई लोगों के बहने की आशंका है। मुंबई-दिल्ली बारिश से बदहाल हो गए हैं। इन बड़े शहरों की रफ्तार धीमी पड़ गई है। दिल्ली, मुंबई, राजस्थान, मध्य प्रदेश, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, केरल में गरज-चमक के साथ बारिश हो रही है। दिल्ली में आॅरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
कुल्लू जिला में रात से हो रही भारी बारिश के चलते कई जगह नुकसान होने की जानकारी है। मणिकर्ण घाटी के चोज नाला में भारी बारिश के चलते बाढ़ आ गई है जिससे पार्वती नदी के किनारे बने रेस्टोरेंट और कई घर के बह जाने की जानकारी है। हादसे में लोगों के भी बहने की आशंका जताई जा रही है। वहीं, शिमला जिले के रामपुर में भी भारी बरसात के बाद हुए लैंड स्लाइड की वजह से नेशनल हाईवे बंद हो गया।

मुंबई में हाई टाइड का अलर्ट
पूर्वी मुंबई में 58.6 मिमी, पश्चिमी हिस्से में 78.69 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। अगले 48 घंटों के लिए मध्यम से भारी बारिश का अनुमान है। कई जगह पानी भर जाने से यातायात प्रभावित हुआ है। कुछ इलाकों में बस और लोकल ट्रेनें प्रभावित हुई हैं। मंगलवार को समुद्र में ऊंची लहरें उठीं। 4 से 6 मीटर ऊंची हाई टाइड का अलर्ट जारी किया गया है। बृहन्मुंबई नगर निगम ने लोगों को समुद्र तट से दूर रहने को कहा है।