देश में मानसून सक्रिय, कई राज्यों में भारी बारिश

मुंबई में जगह-जगह पानी भरा, बस-ट्रेनें प्रभावित, दिल्ली में येलो अलर्ट

ब्रह्मास्त्र नई दिल्ली

दक्षिण-पश्चिम मानसून ने पूरे देश को कवर कर लिया है। अगले चार दिन में देश के ज्यादातर हिस्सों में भारी बारिश का अनुमान है। दिल्ली, मुंबई, राजस्थान, मध्य प्रदेश, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, केरल में गरज-चमक के साथ बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने दिल्ली के लिए मंगलवार को यलो और बुधवार के लिए आॅरेंज अलर्ट जारी किया है।

मुंबई और आसपास के इलाकों में भी बारिश लगातार जारी है। मौसम विभाग के मुताबिक, सोमवार की सुबह 8 से रात 8 बजे के बीच मुंबई के पूर्वी हिस्से में 58.6 मिमी, जबकि पश्चिमी हिस्से में 78.69 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। यहां अगले 48 घंटों के लिए मध्यम से भारी बारिश का अनुमान है।
भारी बारिश के कारण मुंबई के अलग-अलग हिस्सों में मंगलवार को जलजमाव से यातायात प्रभावित हुआ है। कुछ इलाकों में बस और लोकल ट्रेनें प्रभावित हुई हैं। दोपहर 4 बजे हाई टाइड का अलर्ट है।