कांग्रेस ने चुनाव आयोग से की मांग- इंदौर कलेक्टर को हटाओ….

कलेक्टर मनीष सिंह पर पक्षपात तथा भाजपा को लाभ पहुंचाने का आरोप

इंदौर। कांग्रेस ने इंदौर कलेक्टर और जिला निर्वाचन अधिकारी पर पक्षपात का आरोप लगाते हुए उन्हें हटाने की मांग की है।
मध्यप्रदेश कांग्रेस ने इंदौर कलेक्टर मनीष सिंह पर भाजपा के पक्ष में काम करने का आरोप लगाते हुए मध्य प्रदेश निर्वाचन आयोग से कलेक्टर को हटाने की मांग के लिए पत्र लिखा है।

कांग्रेस ने आरोप लगाया है कि मनीष सिंह कांग्रेस के इंदौर महापौर प्रत्याशी संजय शुक्ला पर एकतरफा कार्रवाई कर परेशान कर रहे हैं,वहीं जब हम भाजपा की शिकायत करते हैं तो उन पर अभी तक कोई एक्शन नहीं लिया गया।

कांग्रेस का आरोप है कि हमारे विरोधियों भाजपा नेताओं व्दारा हमें परेशान करने के लिए शिकायतें की जा रही है और जिला निर्वाचन अधिकारी नोटिस जारी कर रहे हैं। इतना ही नहीं बल्कि कलेक्टर इंदौर द्वारा अपने ऑफिशियल ट्विटर हैंडल से संजय शुक्ला को जारी नोटिसों को प्रसारित एवं प्रचारित किया गया है। इससे ऐसा प्रतीत होता है कि कलेक्टर इंदौर भाजपा को लाभ पहुंचाने का कृत्य कर रहे हैं, जो सरासर आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन है। इसलिए इन्हें तत्काल हटाया जाए और किसी निष्पक्ष अधिकारी को नियुक्त किया जाए।