April 27, 2024

ब्रह्मास्त्र इंदाैर। एयरपोर्ट पर रविवार रात 11 बजे इंडिगो की दिल्ली फ्लाइट लैंड होते ही झटके के साथ बंद हो गई। अचानक ऐसा होने से इसमें सवार 135 यात्री घबरा गए। क्रू-मैंबर ने उन्हें अपनी जगह बैठे रहने के लिए कहा। आखिर में प्लेन दोबारा स्टार्ट नहीं हुआ तो पायलट ने एटीसी (एयर ट्रैफिक कंट्रोल) से संपर्क किया।
इंडिगो का स्टाफ रन-वे पर पहुंचा। आखिर में टो-बार मशीन से फ्लाइट को रन-वे से पार्किंग एरिया तक खींचकर ले जाना पड़ा। इस दौरान करीब 15 मिनट तक सभी यात्री फंसे रहे। वहीं रन-वे क्लियर नहीं होने की वजह से एटीसी ने दूसरी फ्लाइट की लैंडिंग को भी रोका।
जब रन-वे क्लियर हुआ तब अन्य फ्लाइट को उतरने की अनुमति दी गई। एयरपोर्ट सूत्रों के मुताबिक फ्लाइट के हाइड्रोलिक सिस्टम में खराबी के कारण ऐसा हुआ। वहीं एयरलाइंस कंपनी ने फ्लाइट बंद होने कारण इंजन में तकनीकी खराबी बताई। एविएशन एक्सपर्ट संजय जैन के मुताबिक हाइड्रोलिक सिस्टम में खराबी आना बड़ी चूक है। यदि लैंडिंग के पहले ऐसा हो जाता तो बड़ा हादसा हाे सकता था।

अचानक प्लेन बंद, ऐसा पहली बार

प्लेन में सवार यात्री ने बताया कि दिल्ली से इंदौर तक किसी तरह की परेशानी प्लेन में सामने नहीं आई। लैंडिंग के बाद जब रन-वे से प्लेन टर्न ले रहा था तब अचानक झटके से बंद हो गया। उस समय हम घबरा गए कि ऐसा क्यों हुआ? इसके बाद हमें प्लेन में बैठे रहने के लिए कहा गया। आखिर में प्लेन दोबारा स्टार्ट नहीं हुआ तो उसे खींचकर टर्मिनल तक ले जाया गया। ऐसा हमने पहली बार देखा।