महिला ने सोने के नकली बिस्टिक थमाकर ठगे 2.50 लाख -देवास के युवक ने दर्ज कराई शिकायत, रूद्राक्ष बेचने वाली की तलाश

उज्जैन। रूद्राक्ष बेचने वाली महिला के झांसे में आया देवास का युवक उज्जैन पहुंचा और 2.50 लाख की ठगी का शिकार हो गया। महिला ने उसे सोने के बिस्किट देने का झांसा दिया था और नकली थमा दिये। पुलिस अब मामला दर्ज कर महिला की तलाश कर रही है।
चिंतामण गणेश थाना प्रभारी हेमराज यादव ने बताया कि देवास के आवास नगर में रहने वाला राकेश पिता अम्बाराम वर्मा ने मंगलवार को थाने आकर बताया कि 27 मई को उसे संगीता नाम महिला ने चिंतामण ब्रिज के पास बुलाया और सोने के बिस्टिक देने की बात कहीं थी। उसने बेग में रखे बिस्किट दिये और ढाई लाख रूपये ले लिया। देवास पहुंचने के बाद उसने बिस्टिक की जांच सुनार से कराई तो नकली होना सामने आये। उसके साथ ढाई लाख रूपये की ठगी हुई है। थाना प्रभारी के अनुसार मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 318 (4) का प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की है। देवास का युवक ठगी करने वाली महिला का सिर्फ नाम जानता है, उसका पता नहीं मालूम है। हुलिये के आधार पर महिला की तलाश शुरू की गई है।
देवास में 20 दिन पहले हुई थी पहचान
ठगी का शिकार राकेश वर्मा ने पुलिस को बताया कि वह हेयर सैलून की दुकान संचालित करता है। 20 दिन पहले उसकी दुकान के सामने रूद्राक्ष बेचने महिला आई थी। उस दौरान उससे बातचीत हुई। उसने बताया कि सोने के बिस्टिक मिले है। कम दाम में बेचना है। उसने 27 मई को उज्जैन आने की बात कहीं थी। वह चिंतामण ब्रिज के पास पहुंचा तो संगीता उसे नाले के पास ले गई, जहां उसने बेग में रखे बिस्किट दिये, जो सोने जैसे दिख रहे थे।
पारदी समुदाय की हो सकती है महिला
बताया जा रहा है कि ढाई लाख की ठगी करने वाली महिला पारदी समुदाय की हो सकती है। शहर में धार्मिक स्थलों के आसपास ऐसे समुदाय की महिला रूद्राक्ष के साथ कंठी माला बेचने का काम करती है। पूर्व में समुदाय की महिलाओं को श्रद्धालुओं के साथ मोबाइल-पर्स चोरी मेंं पकड़ा जा चुका है। पहली बार रूद्राक्ष बेचने वाली महिला द्वारा ठगी करने का मामला सामने आया है। पुलिस महिला की तलाश में आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाल रही है।

Author: Dainik Awantika