ग्वालियर व्यापार मेले में 2 करोड़ तक की 100 कारें बिकीं, सबसे ज्यादा वाहन इंदौर के लोगों ने खरीदे

ग्वालियर। मध्यप्रदेश के सबसे बड़े ग्वालियर व्यापार मेले में इस बार 42 दिन ही आरटीओ छूट के साथ वाहनों की बिक्री होनी है। वाहन बिक्री का आज (25 फरवरी) आखिरी दिन है। वाहन छूट के 40 दिनों में रिकॉर्ड 25254 गाड़ियां बिक चुकी हैं। महंगे वाहनों की खरीद में इंदौर शहर सबसे आगे रहा है। इस बार 50 लाख से 2 करोड़ रुपए के बीच कीमत की लगभग 100 कारें बिकी हैं। इसमें से 60 फीसदी इंदौर के लोगों ने खरीदी हैं। हैरत की बात यह है कि दोपहिया वाहन की अपेक्षा कार ज्यादा बिकी हैं। इस साल जहां 12162 दोपहिया वाहन बिके हैं तो वहीं 13092 से ज्यादा कार लोगों ने खरीदी हैं। जबकि पिछले साल मेले के 45 दिनों में 23380 वाहन बिके थे। मतलब सीधा है इस साल 40 दिनों में ही वाहन खरीदी का रिकॉर्ड टूट चुका है। यदि आप ग्वालियर व्यापार मेले से दोपहिया, चार पहिया या तीन पहिया वाहन खरीदने की अब भी सोच रहे हैं तो आज मंगलवार को आखिरी दिन है। 25 फरवरी को मेले का औपचारिक समापन हो जाएगा। यानी आज के बाद वाहन खरीद पर 50 प्रतिशत रोड टैक्स छूट नहीं मिलेगी। मेले में आरटीओ छूट के अलावा वाहन कंपनी भी ऑफर दे रही है।

Author: Dainik Awantika