​​​​​ दूल्हे के सामने दुल्हन का अपहरण, जबरन कार में बैठाकर ले गए बदमाश

भोपाल। भोपाल में दूल्हे के सामने दुल्हन का अपहरण हो गया। दूल्हे ने बताया कि कार सवार तीन युवक आए और उसे जबरन कार में बैठाकर ले गए। घटना बुधवार देर शाम टीटी नगर इलाके की है। शादी मंगलवार को गंजबासौदा में हुई थी। बुधवार को भोपाल में रिसेप्शन होना तय था। इसी के लिए दुल्हन पार्लर से मेकअप कराकर लौट रही थी। वह कार से उतरी ही थी कि अज्ञात युवक उसे उठाकर ले गए। दूल्हे ने टीटी नगर थाने में शिकायत दर्ज कराई है। थाना प्रभारी सुधीर अरजरिया ने बताया कि दुल्हन की तलाश में एक टीम गंजबासौदा भेजी गई है जबकि दूसरी टीम सागर की तरफ रवाना की गई है। पुलिस के मुताबिक, 32 वर्षीय आशीष रजक बदहवास हालत में बुधवार रात को थाने आया। उसने बताया कि मंगलवार को उसका विवाह हुआ। लड़की गंजबासौदा की रहने वाली थी, वहीं से विदाई कराकर भोपाल लाए थे।दुल्हन और उसके पिता का मोबाइल फोन बंद आ रहा है। दुल्हन पक्ष का कोई भी सदस्य रिसेप्शन में भी नहीं आया। दुल्हन की लास्ट लोकेशन सागर में ट्रेस की गई है। पुलिस का दावा है कि जल्द आरोपियों को राउंडअप कर लिया लाएगा।

 

 

Author: Dainik Awantika