सीएम डॉ. मोहन यादव ने फिल्म ‘छावा’ को मध्यप्रदेश में टैक्स फ्री किया

जबलपुर। विक्की कौशल की फिल्म ‘छावा’ मध्यप्रदेश में टैक्स फ्री रहेगी। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शिवाजी महाराज की जयंती के अवसर पर रिलीज हुई इस फिल्म को पूरे प्रदेश में टैक्स फ्री करने की घोषणा की है। यह फिल्म शिवाजी महाराज के पुत्र संभाजी के जीवन पर आधारित है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बुधवार को जबलपुर में स्टेडियम के लोकार्पण कार्यक्रम में यह घोषणा की। उन्होंने कहा कि संभाजी महाराज ने अपने जीवन में सभी यातनाएं सहते हुए राष्ट्र और धर्म के लिए अपने प्राण दे दिए थे। सीएम ने कहा कि फिल्म ‘छावा’ ऐतिहासिक फिल्म है। यह फिल्म राष्ट्र प्रेम का संदेश देती है। शिवाजी महाराज के पुत्र संभाजी महाराज की देश भक्ति और उनके जीवन की विभिन्न महत्वपूर्ण घटनाओं से नागरिकों को परिचित करवाने के लिए मध्यप्रदेश में फिल्म टैक्स फ्री रहेगी।

जबलपुर में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गौशाला का भूमिपूजन भी किया। उन्होंने कहा कि अब कहीं गाय को लावारिस नहीं रहने दिया जाएगा, इसलिए सब बड़े शहरों में बड़ी-बड़ी गौशालाएं बनाई जा रही हैं। गौशालाओं की क्षमता 10000 गाय रखने की होगी। 21 गौशालाएं अलग से बना रही हैं। गांव-गांव को वृंदावन बनाना है। जबलपुर के वार्ड नंबर 79 में 10 करोड़ की लागत से नगर निगम हाईटेक गौ-शाला का निर्माण कर रहा है। गौ-शाला करीब 53 एकड़ में आकार लेगी। इस गौ-शाला के बनने के बाद सड़क पर घूम रहे गोवंश को आश्रय मिलेगा। भविष्य में यहां पर बायो गैस और गौमूत्र प्लांट लगाने की भी योजना है।

Author: Dainik Awantika