सागर/बीना। सागर में एक महिला रेलवे ओवरब्रिज से चलती मालगाड़ी में कूद गई। वह ब्रिज पर बैठकर पति से मोबाइल पर बात कर रही थी। जैसे ही मालगाड़ी ब्रिज के नीचे से गुजरी उसने छलांग लगा दी। घटनास्थल से करीब 35 किमी दूर उसका शव मिला। घटना जरूरखेड़ा रेलवे स्टेशन पर सोमवार शाम करीब 6 बजे की है। इसका वीडियो भी सामने आया है। महिला की पहचान वंदना यादव (28) के रूप में हुई है। वह बसिया भौती की रहने वाली है। बसिया भौती गांव के नंदलाल यादव ने बताया कि महेंद्र यादव की पत्नी वंदना बहुत देर से रेलवे स्टेशन पर बने ब्रिज पर बीच में बैठी थी। वह किसी से फोन पर बात कर रही थी। उसे देखकर लोगों की वहां भीड़ लग गई। लोगों ने उसे आवाज देकर वहां से हटने को भी कहा, लेकिन उसने किसी की नहीं सुनी। थोड़ी देर बाद वहां से मालगाड़ी गुजरी। उसने चलती मालगाड़ी पर छलांग लगा दी।