भोपाल। दूल्हे ने शादी के ऐन पहले थार गाड़ी मांग ली, जब दुल्हन पक्ष तत्काल में उसकी डिमांड पूरी नहीं कर पाया तो वह बारात लेकर नहीं आया। दूल्हा राजगढ़ का है। खास बात यह है कि उसके पिता टीआई है। मामला राजधानी भोपाल का है। इस मामले में लड़की पक्ष ने शनिवार को पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने शनिवार को रात में ही एफआईआर दर्ज कर ली है। अब पूरे मामले की जांच की जा रही है।
दरअसल, शुक्रवार को भोपाल के लालघाटी क्षेत्र स्थित एक गार्डन में एक परिवार में शादी थी। मंडप सज चुका है। रिश्तेदारों समेत तमाम मेहमान आ चुके थे। सभी बारात का इंतजार कर रहे थे। बारात राजगढ़ से आने वाली थी। तभी रात करीब 8 बजे अचानक दूल्हा राहुल चौहान ने कॉल किया और दुल्हन पक्ष से थार कार की मांग की। दुल्हन पक्ष ने तत्काल थार की व्यवस्था करने में असमर्थता जताई। इससे नाराज राहुल ने मांग पूरी नहीं होने पर शादी तोड़ने की धमकी दी। लड़की पक्ष मिन्नतें करता रहा, लेकिन वह नहीं माना। जब उससे पुलिस में शिकायत की बात कही तो उसने स्वयं को बीजेपी का सक्रिय नेता बता दिया।
दूल्हा राहुल ने अपने टीआई पिता की धौंस दी। लड़की पक्ष ने राहुल की मां और पिता से बात की, लेकिन वह भी लड़के की मांग पूरी करने पर अड़े रहे। आखिरकार रात 11 बजे तक बारात नहीं आई। इसके बाद लड़की ने भी शादी करने से इनकार कर दिया। उधर, आरोपी भी किसी हाल बारात लाने को तैयार नहीं था।