आज से कॉमर्शियल गैस सिलेंडर 7 रुपए तक महंगा, मारुति की गाड़ियों के दाम 32,500 रुपए तक बढ़े

नई दिल्ली। 1 फरवरी 2025 से 19 किलो वाला कॉमर्शियल गैस सिलेंडर 7 रुपए तक महंगा हो गया है। वहीं मारुति सुजुकी ने अपनी गाड़ियों की कीमतें 32,500 रुपए तक बढ़ा दी है। शनिवार से 19 किलो वाला कॉमर्शियल सिलेंडर 7 रुपए तक महंगा हो गया है। दिल्ली में इसकी कीमत 7 रुपए बढ़कर 1804 हो गईं। पहले ये 1797 रुपए में मिल रहा था। कोलकाता में यह 4 रुपए बढ़कर 1911 रुपए में मिल रहा है, पहले इसके दाम 1907 थे। मुंबई में सिलेंडर 1749.50 रुपए से 6.50 रुपए बढ़कर 1756 रुपए का हो गया है। चेन्नई में सिलेंडर 1966 रुपए का मिल रहा है। हालांकि, 14.2 KG वाले घरेलू गैस सिलेंडर की कीमतों में कोई बदलाव नहीं हुआ है। दिल्ली में यह 803 रुपए और मुंबई में 802.50 रुपए का मिल रहा है। मारुति सुजुकी ने अपने अलग-अलग मॉडलों की कीमतों में 32,500 रुपए तक की बढ़ोतरी की है। जिन मॉडलों की कीमत में यह बदलाव होगा, इनमें ऑल्टो K10, एस-प्रेसो, सेलेरियो, वैगन आर, स्विफ्ट, डिजायर, ब्रेज़ा, अर्टिगा, इग्निस, बलेनो, सियाज, XL6, फ्रोंक्स, इनविक्टो, जिम्नी और ग्रैंड विटारा शामिल हैं।